Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में 15 दिसंबर से मौसम शुष्क बना हुआ है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में 20 दिसंबर तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि 17 और 20 दिसंबर को ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 2–3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि अगले 4–5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत हैं.
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले और मैदानी इलाकों में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा.
तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया है. हालांकि अगले एक-दो दिनों में तापमान में गिरावट संभव है. निचले व मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री बढ़ा है, जबकि मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है. बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान -4 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. कुकुमसेरी में सबसे कम -4.3 डिग्री और पौंटा साहिब में अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है.
घाटियों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 15 दिसंबर से बिलासपुर जिले के भाखड़ा बांध क्षेत्र, मंडी की बल्ह घाटी और आसपास के इलाकों में सुबह व देर रात घना कोहरा छा सकता है. कुछ अन्य घाटियों में भी हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, ऐसे में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
तेज हवाएं, ठंड का असर बढ़ेगा
IMD के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश में ठंडी हवाएं चली हैं. ताबो क्षेत्र में 37 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गईं. राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है.
निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 20 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी से ठंड और बढ़ सकती है. सुबह-शाम अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।





