Home » Uncategorized » सिरमौर में पहली बार पहुंचे चालदा महासू महाराज, दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब

सिरमौर में पहली बार पहुंचे चालदा महासू महाराज, दर्शन के लिए उमड़ा भक्तों का सैलाब

नाहन: सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में शनिवार देर रात एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब छत्रधारी चालदा महासू महाराज आखिरकार अपने लंबे प्रवास पर क्षेत्र में पहुंचे. वर्षों से जिस पल का इंतजार किया जा रहा था, वह द्राबील गांव में पूरा हुआ, जहां महाराज का पहला पड़ाव बना. रात करीब तीन बजे जैसे ही महासू महाराज द्राबील गांव पहुंचे, पूरा क्षेत्र श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया. कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों श्रद्धालु पूरी रात महाराज के दर्शन की प्रतीक्षा करते रहे. अनुमान के अनुसार करीब 25 से 30 हजार लोग इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने. यह पहला मौका है जब चालदा महासू महाराज सिरमौर जिले पहुंचे हैं. इस पावन अवसर पर न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. ढोल-नगाड़ों, जयकारों और धार्मिक उत्साह के बीच महाराज का स्वागत किया गया. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के अनुसार महासू महाराज के आगमन का इंतजार वे पिछले 5 सालों से कर रहे थे. लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए सौभाग्य का क्षण बताते हुए कहा कि महाराज की कृपा से अब पूरे इलाके पर आशीर्वाद बना रहेगा. श्रद्धालुओं ने बताया कि महासू महाराज के प्रति उनकी गहरी आस्था है और उनके आगमन से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि आएगी. जानकारी के अनुसार महासू महाराज आज पश्मी गांव में एक वर्ष के लिए विराजमान होंगे, जहां नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान और दर्शन का आयोजन किया जाएगा. फिलहाल, महासू महाराज के आगमन से शिलाई क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और यह धार्मिक यात्रा स्थानीय लोगों के लिए आस्था, विश्वास और परंपरा का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *