मंडी : हिमाचल प्रदेश में अब वाहनों की पासिंग मोबाइल ऐप से हो रही है. हिमाचल प्रदेश परिवहन विभाग ने प्रदेश के सभी आरटीओ कार्यालयों के माध्यम से इस व्यवस्था को हालही में शुरू कर दिया है. यह पहला मौका है वाहनों की पासिंग के लिए मोबाइल ऐप और ऑनलाइन का सहारा लिया जा रहा है. परिवहन विभाग ने इसके लिए एक मोबाइल ऐप बनाई है जो पासिंग वाले एरिया में 500 मीटर के दायरे में ही काम करती है. यदि इससे बाहर मोबाइल को ले जाया गया तो फिर यह ऐप काम करना बंद कर देती है. इससे विभाग एमवीआइ की लोकेशन को भी ट्रेक कर रहा है. दसअसल, वाहनों की पासिंग के लिए पहले ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद एक फाइल तैयार की जाती थी जिसे मौके पर एमवीआई को दिखाने के बाद वे उस पर हस्ताक्षर करते थे. इसके बाद इस फाइल को आरटीओ के पास ले जाना पड़ता था और फिर आरटीओ उस पर हस्ताक्षर करके फाइनल अप्रूवल देते थे. हालांकि अब मोबाइल ऐप से एमवीआई की ओऱ से वाहन का पूरा निरीक्षण किया जाएगा और इसकी फोटो सहित सारी जानकारी ऑनलाइन ही भरी जाती है. यह सारी जानकारी आरटीओ के पास पहुंच जाती है और वहां से तुरंत प्रभाव से अप्रूवल मिल जाती है. वाहन मालिकों को अब बार-बार आरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे. यह व्यवस्था अभी आरटीओ कार्यालयों के माध्यम से होने वाली पासिंग के लिए ही शुरू हुई है जबकि एसडीएम कार्यालय के स्तर पर हो रही पासिंग अभी भी पुराने तरीके से ही हो रही है. वहां पर भी विभाग की ओर से जल्द ही इसे शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। आरटीओ मंडी नवीन शर्मा ने बताया कि नई तकनीक से वाहनों की पासिंग पूरी पारदर्शिता से हो रही है. मोबाइल ऐप पासिंग वाले एरिया के 500 मीटर के दायरे में ही काम करती है. इससे लोगों के धन और समय की बचत भी हो रही है और कार्यालय के कर्मचारियों का बोझ भी थोड़ा कम हुआ है।





