Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश में बदलने वाला है मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार, पड़ेगी कड़ाके की ठंड…

हिमाचल प्रदेश में बदलने वाला है मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार, पड़ेगी कड़ाके की ठंड…

Himachal Pradesh Weather : हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम का अलग–अलग रूप देखने को मिल रहा है। बता दें कि ऊँचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। इससे प्रदेश में मौसम का दोहरा असर साफ दिखाई दे रहा है।

कई ऊँचे इलाकों में लगातार गिर रहा तापमान

वहीं लाहौल-स्पीति सहित कई ऊँचे इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा है। ताबो, केलांग और कुकुमसेरी जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 13 शहरों में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि 8 स्थानों पर यह 3 डिग्री से भी कम रहा। कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहाँ तापमान माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।दूसरी ओर, निचले इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल बना हुआ है। शिमला में हल्के बादल छाए रहे, जबकि कुल्लू और मनाली में तेज धूप के कारण दोपहर के समय तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया। सोलन में अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह के समय बिलासपुर में घना कोहरा और मंडी में हल्का कोहरा देखने को मिला, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 24 घंटों तक मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 14 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके प्रभाव से लाहौल-स्पीति, कुल्लू और कांगड़ा के ऊँचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं निचले और मैदानी इलाकों में 18 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके अलावा सुंदरनगर, बिलासपुर और मंडी क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *