शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) शिमला ने दिसंबर 2025 में आयोजित होने वाली विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। कंडक्ट ब्रांच के अनुसार पीजीडीसीए, एमएड, एमएससी डाटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षाएं 12 दिसंबर से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित समय में आयोजित की जाएंगी। पीजीडीसीए प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 12 से 20 दिसंबर तक होंगी। इन विषयों में प्रोग्रामिंग इन C, डाटा एंड फाइल स्ट्रक्चर, सिस्टम एनालिसिस एंड डिजाइन, ऑपरेटिंग सिस्टम, ऑब्जेक्ट ओरिएंटेड प्रोग्रामिंग इन C++ और डेटाबेस मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में 31 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शिमला, रोहड़ू, सोलन, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, नाहन, पांवटा साहिब, रिकांगपिओ और रामपुर बुशहर प्रमुख केंद्र हैं।एमएड दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं 13, 15, 16, 17, 18 और 20 दिसंबर को ली जाएंगी। परीक्षा विषयों में शिक्षा का ऐतिहासिक व समाजशास्त्रीय आधार, शोध व प्रकाशन नैतिकता, राजनीतिक व आर्थिक आधार, सांख्यिकी, शैक्षिक प्रशासन, पाठ्यचर्या निर्माण, शिक्षक शिक्षा और मूल्यांकन शामिल हैं। एमएड की परीक्षाएं केवल शिमला और धर्मशाला के खनियारा केंद्र में होंगी। वहीं, विश्वविद्यालय ने एमएससी डाटा साइंस और एआई पाठ्यक्रम की डेटशीट में संशोधन किया है। पहले 2 दिसंबर को प्रस्तावित प्रोबेबिलिटी एंड स्टेटिस्टिक्स की परीक्षा अब 13 दिसंबर को होगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने सभी छात्रों को नई डेट शीट के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी है। संशोधित सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
एमए, एमपीएड और एमएससी के परिणाम घोषित
HPU ने जून में आयोजित स्नातकोत्तर परीक्षाओं के एमए, एमपीएड और एमएससी पाठ्यक्रमों के परिणाम भी घोषित कर दिए हैं। एमए फिजिकल एजुकेशन द्वितीय सेमेस्टर में 83.33%, एमपीएड द्वितीय सेमेस्टर में 93.55% विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। एमएससी गणित का परिणाम इस बार सबसे बेहतर रहा, जिसमें प्रथम सेमेस्टर सीबीसीएस का परिणाम 99.79%, द्वितीय सेमेस्टर सीबीसीएस का 99.78%, जबकि नॉन-सीबीसीएस द्वितीय सेमेस्टर का 73.33% परिणाम रहा। सभी परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं और छात्रों को अपनी आईडी से उन्हें चेक करने की सलाह दी गई है।





