Tata Sierra Vs Maruti Grand Vitara: ऑटो सेक्टर में मिड-साइज एसयूवी की डिमांड लगातार बढ़ रही है, और इसी बीच Tata Motors ने अपनी बहुप्रतीक्षित Tata Sierra को पेश कर दिया है। इसका सीधा मुकाबला सेगमेंट में पहले से मौजूद Maruti Grand Vitara से माना जा रहा है। बता दें कि इंजन, फीचर्स, माइलेज और कीमत इन सभी पहलुओं में दोनों एसयूवी अलग-अलग खूबियों के साथ आती हैं। तो आपकी जरूरतों के मुताबिक कौन-सी एसयूवी बेहतर साबित हो सकती है? तो आइए ख़बर में जानते हैं विस्तार से…
इंजन और परफॉर्मेंस
Tata Sierra में कंपनी ने 1.5 लीटर क्षमता वाले तीन इंजन विकल्प दिए हैं। यह इंजन 75.8 kW की पावर और 139 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। साथ ही इसे मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स विकल्पों के साथ उपलब्ध कराया गया है। Sierra का इंजन सेटअप मुख्य रूप से सिटी और हाइवे ड्राइव दोनों में बैलेंस्ड परफॉर्मेंस देने पर फोकस करता है।
दूसरी ओर, Maruti Grand Vitara में पेट्रोल, CNG और मजबूत हाइब्रिड तकनीक के विकल्प मिलते हैं। इसका 1.5 लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड इंजन 92.45 PS से 103.06 PS तक की पावर और 122-136.08 Nm का टॉर्क देता है। माइलेज के मामले में यह एसयूवी खासकर हाइब्रिड वेरिएंट में 27 kmpl से अधिक का रिटर्न देती है, जो इसे इस सेगमेंट में सबसे फ्यूल-इफिशिएंट बनाता है।
फीचर्स की तुलना
Tata Sierra फीचर्स के मामले में काफी प्रीमियम है। इसमें एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैम्प्स, कनेक्टेड टेललाइट्स, ट्रिपल स्क्रीन सेटअप, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, 360° कैमरा, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, HypAR HUD, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 12 स्पीकर का Dolby Atmos साउंड सिस्टम, बड़ा पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड सीट्स जैसे कई हाई-एंड फीचर्स दिए गए हैं।
ग्रैंड विटारा में भी पैनोरमिक सनरूफ, हेड-अप डिस्प्ले, वायरलैस चार्जर, वेंटिलेटेड सीट्स, क्रूज कंट्रोल, 360° कैमरा और Suzuki Connect जैसे फीचर्स मिलते हैं। फीचर्स के लिहाज से यह काफी कम्पलीट पैकेज है, हालांकि Sierra इसके मुकाबले ज्यादा टेक-लोडेड नजर आती है।
सुरक्षा फीचर्स
Tata Sierra में छह एयरबैग, लेवल-2 ADAS, ईएसपी, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल-होल्ड और 360° कैमरा जैसे फीचर्स शामिल हैं। सुरक्षा पैकेज काफी मजबूत और आधुनिक है।
Grand Vitara में भी छह एयरबैग, हिल डिसेंट कंट्रोल, हिल-होल्ड असिस्ट, TPMS और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक दिए गए हैं। हालांकि ADAS का विकल्प इसमें नहीं मिलता।
कीमत और वैल्यू
Tata Sierra की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹11.49 लाख रखी गई है। बाकी वेरिएंट्स की कीमत अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। जबकि Maruti Grand Vitara ₹10.77 लाख से शुरू होकर ₹19.72 लाख तक जाती है।
कौन-सी एसयूवी बेहतर?
यदि आप फीचर्स, प्रीमियम इंटीरियर और टेक्नोलॉजी को प्राथमिकता देते हैं, तो Tata Sierra अधिक आधुनिक पैकेज पेश करती है। लेकिन यदि आपका फोकस बेहतर माइलेज, कम मेंटेनेंस और ज्यादा वैराइटी (CNG + हाइब्रिड) पर है, तो Maruti Grand Vitara अधिक प्रैक्टिकल साबित होगी।





