लाइव हिमाचल/सोलन : क्षेत्रीय अस्पताल के जन औषधि केंद्र की आड़ में बिना लाइसेंस बेधड़क बेची जा रही 60 प्रकार की जीवन रक्षक दवाएं जब्त की गई हैं। स्टेट ड्रग्स विभाग की टीम ने कार्रवाई की है। इनमें से संदिग्ध दवाओं के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामला न्यायालय भेजा जाएगा और शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। यह कार्रवाई दवा निरीक्षक सोलन प्रीति शर्मा और सुप्रिया शर्मा की टीम ने की है। टीम में अस्पताल स्टाफ और पुलिस विभाग के कर्मी भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अस्पताल में कार्रवाई गुप्त सूचना के बाद की गई। विभाग की टीम जन औषधि केंद्र में दलबल के साथ पहुंची और दवाओं की जांच शुरू की। इस दौरान जिला ऊना के जखेड़ा के रहने वाले करण कुमार से टीम ने लाइसेंस मांगा, लेकिन वह लाइसेंस नहीं दिखा सका। हैरत की बात तो यह है कि यहां पर कई प्रकार की दवाओं का भंडारण भी किया गया था। वहीं, कई ऐसी दवाएं भी टीम को मिली हैं जो काफी समय पहले एक्सपायर हो चुकी हैं। साथ ही संदिग्ध दवाएं भी भारी मात्रा में जांच के दौरान टीम को मिलीं। व्यक्ति जब लाइसेंस टीम को न दिखा सका तो सभी प्रकार की दवाओं को जब्त कर लिया गया। इस पर संचालक करण कुमार निवासी वीपीओ जखेड़ा, तहसील व जिला ऊना वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्होंने जन औषधि केंद्र में रखीं 60 तरह की दवाइयों को जब्त कर लिया। इस दौरान इन दवाइयों में से पांच संदिग्ध दवाईयों का सैंपल भी भरा गया है, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जा रहा है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही विभाग द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





