शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र में दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर भाजपा विधायकों ने जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में भाजपा विधायकों ने प्रदेश सरकार पर विधायक क्षेत्र विकास व ऐच्छिक निधि जारी नहीं करने का विरोध जताया। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज का दिन राजनीतिक टकराव का साबित हुआ। विधायक क्षेत्र विकास व ऐच्छिक निधि जारी जारी ना होने के विरोध में बीजेपी विधायक अपोज़िशन लॉज से हाथों में तख्तियां लेकर बाहर निकले। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर, नारेबाजी की और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक निधि और ट्रेजरी भुगतान में देरी को लेकर भाजपा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी विधायकों का आरोप है कि विकास कार्यों को जानबूझकर रोका जा रहा है और निधि जारी ना होने से जनता से जुड़े कई प्रोजेक्ट ठप पड़े हैं। विधायकों ने मांग की कि विकास निधि को तुरंत जारी किया जाए और ट्रेजरी भुगतान को बहाल किया जाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि ठेकेदारों को तभी पेमेंट हो रही है, जब वे मोटी कमीशन दे रहे हैं। टोकन के नाम पर बिल पास करने के लिए भारी-भरकम कमीशन ली जा रही है। यह भ्रष्टाचार चरम पर है और पूरी प्रक्रिया जांच का विषय है।





