Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में पिछले एक महीने से चल रहा शुष्क मौसम फिलहाल बदलने वाला नहीं है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है. ऐसे में सूखी ठंड और बढ़ेगी, जिससे गले की खराश, खांसी-जुकाम और बुखार के मामलों में भी तेजी आ रही है. राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 1–2 डिग्री तक गिर गया है. लाहुल-स्पीति का ताबो सबसे ठंडा रहा, जहां पारा -6.9°C दर्ज किया गया. कुकुमेसरी में -4.7°C और कल्पा में -0.3°C तापमान रहा. ऊपरी इलाकों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में दोपहर की धूप गर्म महसूस हो रही है. कुंजम दर्रा बंद होने से स्पीति घाटी का लाहौल से सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है. अब स्पीति के लोग केवल किन्नौर–समदो मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे. प्रदेश में दिन गर्म और रातें अत्यधिक ठंडी बनी हुई हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह मध्यम से घना कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित होगी. वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई. ऊपरी इलाकों में रात के तापमान में 2–4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है. विभाग ने अगले 3–4 दिनों में न्यूनतम तापमान में और 2–3 डिग्री की कमी की संभावना जताई है, जिससे ठंड और बढ़ेगी. बिलासपुर में घना कोहरा और मंडी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया, जिसने सुबह यातायात को प्रभावित किया. फिलहाल राज्य के किसी भी जिले में मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।





