शिमला: कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में नया अध्यक्ष चुन लिया है। विधायक विनय कुमार को पार्टी की प्रदेश इकाई का नया मुखिया बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विनय कुमार की इस नियुक्ति को तुरंत प्रभाव से मंजूरी दे दी है। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब प्रतिभा सिंह अप्रैल 2022 से प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष थीं।
कौन हैं विनय कुमार ?
विनय कुमार सिरमौर जिले के श्रीरेणुका जी से विधायक हैं। उन्होंने अध्यक्ष बनने से कुछ समय पहले ही राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रतिभा सिंह की जगह ली है। प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार में मंत्री हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस नियुक्ति की जानकारी एक विज्ञप्ति के माध्यम से दी। यह फेरबदल हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विनय कुमार अध्यक्ष बनने से पहले हिमाचल विधानसभा के उपाध्यक्ष थे। वह एससी वर्ग से आते हैं। वे पहले प्रदेश कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं। उनका अनुभव और वर्गीय समीकरण उन्हें अन्य दावेदारों पर बढ़त दिलाने में कामयाब रहा।
डेढ़ दशक से कर रहे श्री रेणुका जी विधान सभा का प्रतिनिधित्व
विनय कुमार हंसमुख और मृदु भाषी स्वभाव के हैं। वह श्री रेणुका जी विधान सभा क्षेत्र के विधायक हैं। विनय कुमार करीब डेढ़ दशक से हिमाचल विधानसभा में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। विनय कुमार वीरभद्र की सरकार में संसदीय सचिव के पद पर रह चुके हैं।





