लाइव हिमाचल/पांवटा साहिब : अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी में हिमाचल की बेटियां लगातार नाम रोशन कर रही हैं। महिला विश्व कप कबड्डी में प्रदेश की पांच खिलाड़ी खेल रही हैं। इनमें कप्तान ऋतु नेगी, उप कप्तान पुष्पा राणा और साक्षी शर्मा सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र से भारतीय टीम में शामिल हैं। अब दूसरी पंक्ति की उभरती खिलाड़ी नेहा, कृतिका और विजय लक्ष्मी का चयन सब जूनियर अंडर-16 नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। तीनों खिलाड़ी 27 से 30 नवंबर तक हरियाणा में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में खेलेंगी। आरुषि का चयन भी अंडर-14 स्कूली राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। आरुषि को अंडर-16 नेशनल के लिए स्टैंडबाय में भी रखा गया है। सिरमौर जिला लंबे समय से महिला कबड्डी का मजबूत केंद्र रहा है। यहां से कई खिलाड़ी देश-विदेश में प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। शिलाई क्षेत्र में स्व. हीरा सिंह नेगी को कबड्डी का द्रोणाचार्य माना जाता है। उनके पदचिह्नों पर चलते हुए सिरमौर कबड्डी संघ के पूर्व महासचिव और प्रवक्ता जीएस नेगी नई पनीरी तैयार कर रहे हैं। नेहा ठाकुर, कृतिका, विजय लक्ष्मी और आरुषि शिलाई में कबड्डी की बारीकियां सीख रही हैं। नेगी के अनुसार अंडर-16 में सिरमौर ने जीत की हैट्रिक लगाई है। कबड्डी प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार भ्रांटा और महासचिव कुलदीप राणा का भी निरंतर सहयोग मिलता रहा है। नेशनल के लिए चयनित तीनों खिलाड़ी सिरमौर की वही टीम हैं, जिसने अंडर-16 सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप जीती थी। सिरमौर टीम ने पहले मैच में लाहौल-स्पीति को, सेमीफाइनल में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा और फाइनल में स्टेट होस्टल बिलासपुर को हराया। शिलाई में छात्रावास सुविधा नहीं होने के बावजूद खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। सिरमौर की ये तीन बेटियां अब 27 से 30 नवंबर तक हरियाणा में होने वाली अंडर-16 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगी।





