Home » Uncategorized » झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर बोतलों और डंडों से हमला…

झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर बोतलों और डंडों से हमला…

बद्दी: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के खेड़ा में शराब के ठेके के पास लड़ाई-झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर नशे में धुत दो व्यक्तियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इन व्यक्तियों ने पुलिस कर्मियों पर कांच की बोतलों, ईंटों, पत्थरों और डंडों से हमला किया, जिससे दो पुलिस जवान घायल हो गए। इसके अलावा हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और नालागढ़ थाने के प्रवेश द्वार को भी नुकसान पहुंचाया। खेड़ा गांव में शराब के ठेके के पास श्याम सिंह और दीपक ठाकुर (दोनों खेड़ा गांव के निवासी) नशे में धुत होकर पहले ठेके के कर्मचारियों के साथ झगड़ा कर रहे थे। कर्मचारियों ने इसकी सूचना नालागढ़ थाने को दी। चूंकि यह क्षेत्र मानपुरा थाने के अधीन आता है, लेकिन नालागढ़ से नजदीक होने के कारण नालागढ़ पुलिस टीम मौके पर पहले पहुंची। जैसे ही पुलिस टीम गाड़ी से मौके पर पहुंची तो, दोनों हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव करना शुरू कर दिया। उन्होंने कांच की बोतलें फेंककर दो जवानों को घायल कर दिया। बताया गया है कि ये दोनों व्यक्ति पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी दीपक ठाकुर और श्याम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड मिली है। सरकारी वाहन और थाना संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, ड्यूटी में बाधा डालने के लिए दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मानपुरा में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *