सोलन: जिला सोलन में 6 नवंबर को घर से अचानक लापता हुए व्यक्ति और उसके तीन वर्षीय बेटे को पुलिस लगातार तलाश कर रहीं थी। तलाश के बाद उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से दोनों को सकुशल बरामद कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब 7 नवंबर 2025 को महिला पूनम, निवासी टैंक रोड सोलन (मूल निवासी नेपाल), ने पुलिस थाना सदर सोलन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पति चांद (28), पुत्र दल बहादुर, मूल निवासी नेपाल, 6 नवंबर को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे और अपने साथ उनका तीन वर्षीय बेटा सारांश को भी ले गए थे। अचानक गायब होने की इस घटना से परिवार बेहद चिंतित था। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस थाना सदर सोलन ने इस मामले को गंभीरता से लिया और सभी थाना-चौकियों तथा पड़ोसी राज्यों को सूचना भेजी। पुलिस टीम ने युवक की तलाश शुरू की और तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल्स एवं लोकेशन विश्लेषण के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। जांच में स्पष्ट होता गया कि युवक हिमाचल प्रदेश से बाहर जा चुका है और उसकी अंतिम लोकेशन नेपाल बॉर्डर के आसपास दिखाई दी। पुलिस टीम ने तुरंत संभावित मार्गों और संपर्क स्थानों की पड़ताल की। तो तकनीकी इनपुट्स की सहायता से युवक को ट्रेस करते हुए 16 नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रूपेडिया क्षेत्र में ढूंढ निकाला गया। पुलिस ने दोनों युवक चांद और तीन वर्षीय बच्चे सारांश को सुरक्षित बरामद कर लिया।बरामदगी के बाद पुलिस टीम उन्हें सोलन लेकर आई है। गुमशुदगी के पीछे क्या कारण रहे, क्या कोई पारिवारिक तनाव था या कोई अन्य वजह इसकी जांच अब पुलिस द्वारा की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आगामी कानूनी और प्रक्रिया संबंधी कार्यवाही जारी है।





