Home » Uncategorized » मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक हुई आयोजित

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक हुई आयोजित

सोलन: उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज सोलन ज़िला के बद्दी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बद्दी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के सम्बन्ध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। दून के विधायक राम कुमार चौधरी इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। राम कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभा स्थल एवं मार्गों के किनारे अवैध रूप से लगी रेहड़ी-फड़ी वालों को तुरंत हटाया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाई अमल में लाई जाए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा करोड़ों रुपए की लागत से किए जाने वाले लोकार्पण एवं शिलान्यास राज्य सरकार की विकासोन्मुख नीतियों तथा दून विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि 19 नवम्बर, 2025 को बद्दी के हनुमान चौक में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मुख्यमंत्री का स्वागत करें।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का दून विधानसभा क्षेत्र का दौरा आगामी 19 नवम्बर, 2025 को प्रस्तावित है। इसके दौरान वह करोड़ों रुपए की लागत के निर्मित विभिन्न विकासात्मक कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हनुमान चौक बद्दी में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मनमोहन शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम एवं सम्बन्धित विभागों को सभा स्थल की सफाई, पेयजल, विद्युत एवं मंच व्यवस्था जैसे कार्यों को समय पर पूर्ण करने को कहा। इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रिया नागटा, नगर निगम बद्दी के संयुक्त आयुक्त अंकुर ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Gallery not found12
[democracy id="1"]
[adsforwp id="47"]