शिमला: जिला शिमला के रोहड़ू थाना क्षेत्र के तहत ओधिधार के पास लगे 250 केवीए के एक ट्रांसफार्मर से चोरों ने लाखों का तांबा और ऑयल चोरी कर लिया। इस घटना से क्षेत्र की लिफ्ट वाटर सप्लाई योजना की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। मामला पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ट्रांसफार्मर हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अधीन चल रही लिफ्ट वाटर सप्लाई स्कीम झाड़ग–नकराड़ी (पहला चरण) के लिए ओधिधार के समीप लगाया गया था। 9 और 10 नवम्बर की दरमियानी रात कुछ अज्ञात लोगों ने इस ट्रांसफार्मर से कीमती तांबे की कुंडली और ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी कर लिया। चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग चार लाख रुपए आंकी गई है।इस संबंध में विद्युत अनुभाग कालगांव, ईएसडी टिक्कर के फोरमैन बिहारी लाल शर्मा ने पुलिस थाना रोहड़ू में शिकायत दी। इसके आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 3 पीडीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार चोरी की इस वारदात से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि लिफ्ट वाटर सप्लाई योजना के ठप होने से स्थानीय लोगों की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।





