Home » Uncategorized » हिमाचल के कुल्लू में भीषण आग से कई घर खाक, करोड़ों का नुकसान

हिमाचल के कुल्लू में भीषण आग से कई घर खाक, करोड़ों का नुकसान

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से बड़ी सूचना सामने आ रही है. पर्यटकों के बीच मशहूर कुल्लू के तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत नोहांडा के झनियार गांव में भीषण आग लग गई है. भयंकर आग से कई मकान जलकर राख हो गए हैं. आग लगने से गांव में अफरा तफरी का माहौल देखा गया. आग बुझाने के लिए ग्रामीण कड़ी मशक्कत कर रहे हैं. भीषण आग की चपेट में कई मकान आए हैं. गांव में लकड़ी से बने काष्ट कुणी शैली के मकान में लगी आग तेजी से दूसरे मकानों में फैल गई. इस हादसे में अब तक 16 मकान, 2 मंदिर और आधा दर्जन गौशालाएं जल कर राख होने की बात सामने आई है. एसडीएम बंजार पंकज शर्मा अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए हैं. प्रभावितों को प्रशासन की तरफ से फौरी मदद दी जा रही है. इस घटना से कड़ाके की ठंड में लोगों की छत छिन गई। प्रशासन अग्नि प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री और जरूरत का सामान भी मुहैया करवा रहा है. एसडीएम ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं. विधायक बंजार सुरेंद्र शौरी ने झनियार गांव में आगजनी प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाया. झनियार गांव में लगी भयंकर आग को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है. उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि ये घटना हृदय विदारक और पीड़ादाई है. प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं. प्रशासन से अनुरोध है कि प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाई जाए. एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी की नोहांडा ग्राम पंचायत के झनियार गांव में दोपहर के समय आग लग गई. आग की वजह से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. फिलहाल सभी प्रभावित परिवारों को जरूरी सामान दिया जा रहा है और उन्हें राहत राशि भी प्रदान की जा रही है. प्रशासन की ओर से आग प्रभावित हर परिवार की मदद की जाएगी. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *