लाइव हिमाचल/चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा चुराह के विधायक डा. हंस राज पर एक वर्ष पहले अश्लील चैट करने के आरोप लगाने वाली युवती के वायरल वीडियो के बाद मामला गरमा गया है। वहीं, विधायक डा. हंस राज ने इंटरनेट मीडिया पर लाइव पर आकर युवती के आरोपों को निराधार व उनकी छवि को खराब करने के लिए रचा गया षडयंत्र करार दिया है। विधायक हंस राज ने कहा कि मैं करीब 16 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हूं और जनता की सेवा में समर्पित हूं। मैं हर मां बेटी की इज्जत व सम्मान करता हूं। जिस चुराह को हर कोई यह कहता था, कि चुराह में ऐसी कोई मां नहीं है, जिसने विधायक को जन्मा हो। मैं उस पृष्ठ भूमि से आता हूं। मेरे पिता ने मजदूरी की है। मेरी खुद की बेटियां हैं। इस युवती की ओर से मुझ पर पहले भी आरोप लगाए थे, उस दौरान जांच हुई, हमने जांच में पूरा सहयोग किया, पर सभी आरोप निराधार पाए गए।
चिंतनीय व विचारणीय विषय
अब फिर से मेरी छवि को धूमिल करने के लिए मेरे ऊपर यह सब आरोप लगाए गए हैं। जो पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। युवती की ओर से मुझे ही नहीं, पुलिस प्रशासन, चिकित्सक व एक अभियंता पर भी आरोप लगाए हैं। ये सब चिंतनीय व विचारणीय विषय है। इसमें किसी की सोची समझी साजिश ओर सब सांप्रदायिक दंगे भड़काने की कोशिश की जा रही है। इसके पीछे किस व्यक्ति की साजिश है, कौन इसे भड़का रहा है, बरगला रहा है, मुझे नहीं पता।
युवती की जांच की जाए कि यह क्या करती है
उन्होंने मांग की कि यह मौजूदा समय में कहां है, इसकी लोकेशन व फोन नंबर को भी चेक किया जाए। हंस राज ने कहा कि कोई बद्दी में किसी कंपनी में कार्यरत है, तो वह डेढ़-डेढ़ लाख के फोन, फ्लैट यहां तक कि ब्रांडेड कपड़े कहां से पहन सकता है। लड़की ने आरोप लगाए कि हंस राज के द्वारा कहा गया कि उक्त लड़की ने उससे एक करोड़ लेकर बात को रफा-दफा किया है, लेकिन विधायक से युवती ने इसका भी प्रूफ मांगा है। साथ ही चुराह के ही एक ओर व्यक्ति मुनियान खान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पिछले वर्ष अगस्त माह में इसी लड़की ने चुराह से विधायक हंस राज पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा कर अश्लील मैसेज भेजने और धमकाने का आरोप लगाए थे। बाद में इसी युवती ने फेसबुक पर आकर कहा कि उनसे मानसिक तनाव में ओर किसी के बहकावे में आकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।




