
लाइव हिमाचल/सोलन: जिला सोलन में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जब अंबाला के एक निजी स्कूल की बच्चों और स्टाफ को ले जा रही टूरिस्ट बस सलोगड़ा के पास ‘हर्ट रोड’ पर अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक की त्वरित सूझबूझ ने लगभग 50 लोगों की जान बचा ली। यदि चालक नियंत्रण खो देता तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस अंबाला से बच्चों को लेकर सोलन स्थित एक स्कूल में शैक्षिक भ्रमण के लिए जा रही थी। बस में 28 लड़कियों सहित कुल 50 यात्री सवार थे, जिनमें छात्र, शिक्षक और अन्य स्टाफ शामिल था। बस के अगले टायर सड़क से हवा में लटक गए। हादसे के दौरान बच्चे बुरी तरह से सहम गए। बस में मौजूद स्टाफ ने बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला। लाल गीता विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल टिपला अंबाला के बच्चे शैक्षणिक भ्रमण पर मोहन हेरिटेज पार्क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूली बच्चों से भरी बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। बस में मौजूद बच्चों और शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। बस में करीब 50 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि चालक ने तुरंत स्थिति को देखते हुए बस को सड़क की ऊंचाई की ओर मोड़ दिया, जिससे बस 400 फीट गहरी खाई में गिरने से बच गई।
घटना में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ। बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। बच्चों को सुरक्षित दूसरी बसों में बैठाकर आगे भेजा गया।





