गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम की अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की बेटी रोशनी बिश्नोई और दामाद अनूप बिश्नोई के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. दोनों पर 2016-17 में दो प्लॉट फर्जी तरीके से बेचने और करोड़ों रुपये की अवैध कमाई करने के गंभीर आरोप हैं.मामले में अदालत ने गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए हैं कि दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द अदालत में पेश किया जाए. सूत्रों के अनुसार, ये दोनों प्लॉट मूल रूप से संदीप और सुनील नामक व्यक्तियों को मुख्यमंत्री कोटे से आवंटित किए गए थे, लेकिन आरोप है कि हिसार से भाजपा नेता और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई की बहन और जीजा ने इन प्लॉटों को फर्जी दस्तावेज़ों के जरिए बेच दिया. अदालत ने इस मामले में 15 अक्टूबर को आदेश जारी किए, जिसमें दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी करने के साथ-साथ पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. यह मामला की अदालत में चल रहे ‘स्टेट बनाम विकास बिश्नोई एवं अन्य’ केस से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें पहले से ही कई आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।





