Home » Uncategorized » रन फॉर यूनिटी: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता के लिए दाैड़े सैकड़ों लोग

रन फॉर यूनिटी: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता के लिए दाैड़े सैकड़ों लोग

लाइव हिमाचल/सोलन: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला सोलन द्वारा आज “रन फ़ॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। यह दौड़ पीडब्ल्यूडी सोलन रेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर सपरून चौक तक गई और वापस पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुँचकर सम्पन्न हुई। इस कार्यक्रम के प्रदेश की उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने उद्बोधन दिया तथा प्रदेश की सचिव एवं जिला सोलन सह-प्रभारी वंदना योगी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। अपने संबोधन में रश्मिधरा सूद ने कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल ने 565 रियासतों को एकसूत्र में पिरोकर भारत को अखंड स्वरूप प्रदान किया और स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री के रूप में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया।

वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि आज रन फॉर यूनिटी का सोलन में आयोजन किया गया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल देश के महान नेता और देश के पहले उपप्रधानमंत्री व पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का आज जन्मदिवस है। और उनका जन्मदिवस एकता दिवस के रूप में पूरे देश भर में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हमने इतिहास के पन्नों से भी देखा है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने भारतवर्ष की आजादी के बाद भारतवर्ष की पाँच सौ पैंसठ रियासतों को भारत में विलय करने का असंभव से दिखने वाला जो काम था उसको संभव कर दिखाया है। और वह अदम्य इच्छाशक्ति के स्वामी थे और इसी नाते उन्हें लौह पुरुष के नाम से उनको आज भी याद किया जाता है। ये कहने में कोई संदेह नहीं है कि यदि वो नहीं होते तो शायद जिस भारत को आज हम देखते हैं वो भी नहीं होता। उन्‍होंने कई छोटी बड़ी रियासतों को भारत में शामिल किया। इसलिए ही उन्‍हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है। सरदार का योगदान केवल भारत को एकत्र करने में ही नहीं था बल्कि आजादी की लड़ाई में भी उनका योगदान अतुलनीय था। इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री अक्षय भरमौरी, वरिष्ठ भाजपा नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया, पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप, पूर्व विधायक लखविंदर राणा, भाजपा जिला प्रवक्ता अभिषेक ठाकुर, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर, नगर निगम सोलन की उपमहापौर मीरा आनंद, तरसेम भारती, प्रतिभा कंवर, शकुंतला शर्मा और प्रियंका अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सोलन जिला के सभी मंडलों के अध्यक्ष सभी मोर्चों के पदाधिकारी, विशेष रूप से महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा व अन्य संगठनात्मक इकाइयों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 500 प्रतिभागियों ने इस दौड़ में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वक्ताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के संकल्प को भी दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]