लाइव हिमाचल/कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति ने साथ जीने मरने के वादे को निभाया है। यहां दोनों ही बुजुर्ग दंपति ने एक ही दिन दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है और परिवार भी टूट चुका है। सलोह पंचायत के कथियाड़ा गांव के बुजुर्ग दंपती ब्रह्मी देवी (82) और बेलू राम (90) ने मंगलवार को कुछ घंटों के अंतराल में अपना नश्वर शरीर त्याग दिया। लम्बी बीमारी के बाद ब्रह्मी देवी का निधन सुबह हुआ। दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन शाम तक उनके पति बेलू राम ने भी जीवन का अंत कर दिया। ऐसा प्रतीत हुआ मानो उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी का साथ मरने के बाद भी न छोड़ने का वचन निभाया। बुजुर्ग दंपती अपने पीछे तीन बेटे, एक बेटी, तीन पोते और दो पोतियों का परिवार छोड़ गए हैं।




