लाइव हिमाचल/बालीचौकी : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी एवं सूचना एवं जन संपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड बालीचौकी की ग्राम पंचायत पंजाई और ग्राम पंचायत थाट्टा में आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘समर्थ-2025’ जिला स्तरीय जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों में अनुशिका कला मंच, बहा नगवाई के कलाकारों ने गीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। वहीं कलाकारों ने भूकंपरोधी भवन निर्माण, आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा भूकंप, भूस्खलन और आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपदाओं से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है—जागरूकता और तत्परता। इस कार्यक्रम के दौरान “भूकंप के समय झुको, ढको और पकड़ो” तथा “आग लगने की स्थिति में रुको, झुको और लुढ़को” जैसी तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया कि भवन निर्माण से पूर्व योग्य वास्तुकार से परामर्श लेकर ही भूकंपरोधी निर्माण सामग्री का प्रयोग करें, जिससे संभावित नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। ग्राम पंचायत पंजाई में आयोजित कार्यक्रम में उपप्रधान कर्म सिंह, प्रधानाचार्य सोम राज, अध्यापकगण एवं विद्यालय के छात्र उपस्थित रहे। वहीं थाट्टा में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान पिंकी देवी, प्रधानाचार्य धर्म सिंह, शिक्षक वर्ग एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।





