Home » Uncategorized » नवभारत युवा संघ के अध्यक्ष भावन शर्मा को जान से मारने किडनैप और एक्सटॉर्शन की मिली धमकी

नवभारत युवा संघ के अध्यक्ष भावन शर्मा को जान से मारने किडनैप और एक्सटॉर्शन की मिली धमकी

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में एक चिंताजनक मामला सामने आया है। नवभारत युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य भावन शर्मा को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान से मारने, किडनैप करने और एक्सटॉर्शन (धन उगाही) की धमकी दी गई है। भावन शर्मा ने बताया कि यह घटना कल यही 26 अक्टूबर की है, जब उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल प्राप्त हुआ। कॉल पर मौजूद व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। शर्मा ने कहा कि कॉल करने वाले ने न केवल जान से मारने की धमकी दी बल्कि किडनैप करने और पैसों की मांग जैसे आपराधिक इरादे भी जताए। भावन शर्मा ने कहा, “मुझे फोन पर धमकी दी गई कि मुझे जान से मार दिया जाएगा और मेरे परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा। कॉल करने वाला व्यक्ति मेरे लिए पूरी तरह अनजान है, लेकिन जिस भाषा और लहजे में उसने बात की, उससे साफ था कि उसका इरादा बेहद खतरनाक है। यह केवल धमकी नहीं बल्कि एक आपराधिक साजिश है। उन्होंने बताया कि इस घटना से उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने तुरंत पुलिस थाना शिमला में लिखित शिकायत दर्ज कराई, और वह आज सुबह वह एसपी सिरमौर से भी मिले, ताकि मामले की गंभीरता से जांच की जा सके और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। नाहन पुलिस ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा प्रदान किए गए मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल्स के आधार पर तकनीकी जांच व लोकेशन ट्रेसिंग का कार्य किया जा रहा है। गौरतलब है कि भावन शर्मा लंबे समय से नवभारत युवा संघ के माध्यम से सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय हैं। साथ ही वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य भी हैं और पार्टी के विभिन्न अभियानों में हिस्सा लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियाँ उन्हें डराने या उनके कार्यों से रोकने में सफल नहीं होंगी। “मैं समाज और युवाओं के लिए काम कर रहा हूँ और करता रहूँगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *