Kangana Ranaut News: हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को बठिंडा की एक अदालत ने 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान 82 वर्षीय महिंदर कौर के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में जमानत दे दी. कंगना व्यक्तिगत रूप से तीन अदालतों में पेश हुईं और करीब एक घंटे तक वहां रहीं. मामले की अगली सुनवाई अब 24 नवंबर को होगी, जो ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (स्पेशल कोर्ट) में होगी. अदालत परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत में कंगना ने इस पूरे मामले को ‘गलतफहमी’ करार दिया. उन्होंने कहा कि मैंने सिर्फ एक मीम रीट्वीट किया था, किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था. मैंने महिंदर कौर जी के पति से बात की और माफी मांग ली, क्योंकि वह आज मौजूद नहीं थीं. किसान आंदोलन के दौरान कई मीम वायरल हो रहे थे, उनमें से एक को मैंने अनजाने में रीट्वीट कर दिया. मैं सपने में भी नहीं सोच सकती कि जो अर्थ निकाला गया, वह मेरे मन में था. हिमाचल की मां हो या पंजाब की, मेरे लिए सभी सम्माननीय हैं. यहां मौजूद मेरे प्रशंसकों की संख्या और उनका प्यार देखिए। हालांकि, शिकायतकर्ता महिंदर कौर के वकील एडवोकेट राघबीर सिंह बेहनीवाल ने कंगना के दावों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि कंगना ने अदालत में कहा कि उन्होंने गलती से रीट्वीट किया और किसी को निशाना नहीं बनाया. लेकिन मेरे मुवक्किल के पति लभ सिंह ने बताया कि कंगना ने पहले कभी माफी नहीं मांगी. उन्होंने सुरक्षा कारणों से व्यक्तिगत पेशी से स्थायी छूट की अर्जी दी, जिसका हमने विरोध किया क्योंकि यह अर्जी आज ही प्राप्त हुई थी. लभ सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी महिंदर कौर खराब स्वास्थ्य के कारण सुनवाई में शामिल नहीं हो सकीं.
2021 में दर्ज हुआ था मामला
यह मामला जनवरी 2021 में दर्ज हुआ था, जब कंगना ने किसान आंदोलन के दौरान बहादुरगढ़ जंडियां गांव की महिंदर कौर की तस्वीर शेयर की और टिप्पणी की कि ‘ऐसी महिलाएं 100 रुपये में विरोध के लिए उपलब्ध हैं.’ इस बयान पर व्यापक आक्रोश हुआ और महिंदर कौर ने मानहानि का मुकदमा दायर किया. कंगना की पेशी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हुई. इससे पहले बठिंडा कोर्ट, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने उनकी व्यक्तिगत पेशी से छूट और वर्चुअल सुनवाई की अर्जियों को खारिज कर दिया था. मुकदमा रद्द करने की उनकी याचिका भी खारिज हो चुकी है. सुरक्षा के लिहाज से जिला अदालत परिसर को हाई-सिक्योरिटी जोन बनाया गया. अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेड्स लगाए गए। इस बीच, बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने महिंदर कौर को बधाई दी. उन्होंने कहा, “मैं महिंदर कौर जी का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने घमंडी महिला (कंगना) को सबक सिखाया और पंजाब की माताओं, बहनों व बेटियों की इज्जत का मान रखा. अपनी उम्र के बावजूद उन्होंने पहाड़ों से उतरकर बठिंडा कोर्ट की सीढ़ियां चढ़वाईं. यह साहस दिखाता है. हमें विश्वास है कि कानून उन्हें मानहानिकारक और अपमानजनक टिप्पणियों के लिए जवाबदेह ठहराएगा।





