



नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधा है। ढांडा ने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार जनता की नहीं, बल्कि दिल्ली दरबार से चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, जबकि फैसले आज भी खट्टर और भाजपा हाईकमान के हाथों में हैं। अनुराग ढांडा ने कहा कि यह सरकार हरियाणा की जनता के लिए नहीं, बल्कि भाजपा के राजनीतिक हितों के लिए काम कर रही है। पिछले एक साल में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। NCRB के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा अब देश के सबसे असुरक्षित राज्यों में से एक बन गया है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है और पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा की जगह भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों में लगा हुआ है। आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से MSP पर 24 फसलों की खरीद की गारंटी का वादा किया था, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। किसान अपनी फसलें 500 से 700 रुपये तक कम दामों में बेचने को मजबूर हुए। मंडियों में गेट पास में देरी, नमी और रंग के नाम पर कटौती और लिफ्टिंग में भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से किसान परेशान हैं। भाजपा सरकार ‘किसान हितैषी नहीं, व्यापारी हितैषी’ है और किसानों को सिर्फ चुनाव के वक्त याद करती है। ढांडा ने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी की सरकार ने अब तक कोई ठोस काम नहीं किया। खट्टर सरकार की पुरानी कागज़ी योजनाएं दोबारा नए नाम से चलाई जा रही हैं। न किसानों को न्याय मिला, न युवाओं को रोजगार और न ही महिलाओं को सुरक्षा। सरकार केवल घोषणाएं कर रही है। ज़मीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिख रहा। AAP नेता ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। हजारों अध्यापक पद खाली पड़े हैं, कई स्कूल एक ही शिक्षक पर चल रहे हैं और भर्ती परीक्षाएं पेपर लीक घोटालों से बदनाम हो चुकी हैं। बिजली कटौती से ग्रामीण इलाकों में लोगों को परेशानी हो रही है। सरकार विकास की बात तो करती है, लेकिन असलियत में सिर्फ भाषण ही दे रही है। ढांडा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपराधियों को खुली छूट दे रही है और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। किसान, युवा और महिलाएँ इस सरकार से ठगे गए हैं, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है। अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब हर गांव, हर गली और हर शहर में जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेगी। एक साल में भाजपा सरकार ने हरियाणा को असुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसान विरोधी नीतियों की ओर धकेल दिया है। अब जनता सवाल पूछेगी और भाजपा को जवाब देना ही पड़ेगा।