लाइव हिमाचल/सोलन: ग्राम पंचायत अनहेच के गांधीग्राम में जय बाबा सिद्ध चानो अलखदाता मेला बड़ी धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। दंगल का शुभारंभ 2 बजे खलोगड़ा सोसाइटी के कोषाध्यक्ष एवं भाजपा धर्मपुर मंडल के महामंत्री राजीव ठाकुर ने किया। मेले में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर राजीव सैज़ल ने 4 बजे बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान बोहली के जाने माने पहलवान एवं रेफरी हिमाचल केसरी जगदीश ठाकुर का 6 महीने पहले स्वर्गवास होने पर मेला कमेटी द्वारा दंगल शुरू होने से पहले 2 मिनट का मोन रखा गया। उसके बाद मेला कमेटी ने पूर्व मंत्री का जोरदार स्वागत किया। पूर्व मंत्री ने मेला कमेटी को इस मेले के सफ़ल आयोजन के लिए बधाई दी। पूर्व मंत्री ने संबोधित करते हुए कुश्ती के बारे में अपने विचार भी व्यक्त किए और अपने बचपन की यादें सभी के साथ साझा की। पूर्व मंत्री ने कहा कि कुश्ती एक ऐसी चीज है जो एक पुरुष को पुरुष बनाती है। मिट्टी पर संघर्ष करना,घाव लगना जख्म आना,लेकिन जो जज्बा और ऊर्जा हमे मिलती है वो इस दंगल के अखाड़े से मिलती है। अगर किसी ने ऐसा संघर्ष बचपन में किया हो तो भविष्य में उसके सामने अगर कोई भी चुनौती आए तो वह उससे घबराता नही। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि हमारा भारतवर्ष कुश्तियों के लिए हमेशा से जाना जाता रहा है। चाहे सतयुग की बात हो या द्वापर युग, त्रेतायुग की बात हो, तब से लेकर आज तक कुश्ती का इतिहास रहा है। साथ ही उन्होंने सभी से आग्रह करते हुए कहा कि बच्चों को इतना नरम नाज़ुक नही बनाना चाहिए ताकि भविष्य में वह किसी भी चुनौती से डरे नहीं और उसका डट कर सामना करें। वहीं इस अवसर पर मेले में मुख्यातिथि के साथ धर्मपुर मंडल महामंत्री राजीव ठाकुर, ग्राम पंचायत अन्हेच के उपप्रधान संदीप वर्मा, अन्हेच बूथ के अध्यक्ष दिनेश 6ठाकुर, बूथ बी.एल.ए. दया राम, पूर्व प्रधान अंहेच आशा देवी, जीया लाल,जय दयाल, जीत सिंह, कपूर सिंह वर्मा ,विशाल तथा अन्हेच एवं आस पास की पंचायतों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।





