Home » Uncategorized » असफलता से घबराएं नहीं, उससे सीख लेकर आगे बढ़ें : अमिताभ कांत

असफलता से घबराएं नहीं, उससे सीख लेकर आगे बढ़ें : अमिताभ कांत

लाइव हिमाचल/सोलन: द लॉरेंस स्कूल, सनावर के 178वें स्थापना दिवस का तीन दिवसीय समारोह एक भव्य कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि, भारत के पूर्व G20 शेरपा और नीति आयोग के पूर्व सीईओ अमिताभ कांत ने छात्रों को सफलता के चार मंत्र दिए, जिसमें सबसे प्रमुख था- “असफलता से घबराएं नहीं, बल्कि उसे एक सीख के रूप में देखें। अपने प्रेरणादायी संबोधन में अमिताभ कांत ने अपने करियर का एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे केरल में मिली एक “पनिशमेंट पोस्टिंग” ने उन्हें विश्व प्रसिद्ध “गॉड्स ओन कंट्री” पर्यटन अभियान शुरू करने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्रों को लंबी अवधि की सोच रखने, साहसिक निर्णय लेने और सहानुभूतिपूर्ण संवाद को अपनी ताकत बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक आपकी पहुंच बढ़ा सकती है, लेकिन वह मेहनत और ईमानदारी की जगह नहीं ले सकती।इस अवसर का मुख्य आकर्षण “ट्रूपिंग ऑफ द स्कूल फ्लैग” परेड रही, जिसमें छात्र कैडेटों ने पूरे अनुशासन के साथ स्कूल ध्वज को सलामी दी। इसके बाद स्कूल के पूर्व छात्रों (ओल्ड सनावेरियन) ने गर्व के साथ मार्च पास्ट किया। स्कूल की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने वाले विशिष्ट पूर्व छात्रों को सम्मानित भी किया गया। ओएसएस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2025 एडमिरल विष्णु भागवत और लेफ्टिनेंट जनरल तेजिंदर सिंह शेरगिल को प्रदान किया गया। वहीं, ब्रिगेडियर टी.पी.एस. चौधरी, ललित वर्मा, विवेक मेहरा और मानवेंद्र सिंह पठानिया को डिस्टिंग्विश्ड ओल्ड सनावेरियन अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया गया। इससे पहले, स्कूल के हेडमास्टर हिम्मत सिंह ढिल्लों ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें शैक्षणिक और खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और हाउसेज़ को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *