शिमला: त्योहारी सीजन में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों का न सिर्फ मोटा चालान होगा, बल्कि ऐसा करने वालों को जेल की हवा भी खानी पड़ेगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ प्रदेश पुलिस विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। प्रदेश पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) की ओर से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को इसे लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक विशेष नाके लगाए जाएंगे और हर संदिग्ध वाहन चालक की जांच एल्कोसेंसर सहित अन्य माध्यमों से की जाएगी। फेस्टिवल सीजन में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के कारण सड़क हादसों में एकाएक बढ़ोतरी हो जाती है। इसलिए इस अभियान को सख्ती से लागू किया जा रहा है। पकड़े जाने पर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ड्रिंक एंड ड्राइव में दोषी पाए जाने पर 10,000 रुपये का चालान, छह माह तक की कैद या दोनों सजाएं दी जा सकती हैं। पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार सभी एसपी को पर्याप्त संख्या में एल्कोसेंसर उपलब्ध करवाए गए हैं। नाके शहरों के व्यस्त क्षेत्रों, मुख्य बाजारों और हाईवे पर लगाए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जा सके और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। शराब के नशे में यदि कोई पुलिस कर्मियों से उलझता है तो तुरंत उसका मेडिकल करवाकर मुकद्दमा दर्ज करने की भी हिदायत दी गई है।





