शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसी दिशा में निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के 100 स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जोड़ा जा रहा है, जिसकी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी. इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर और मजबूत ढांचा मिलेगा. शिक्षा मंत्री ने बताया कि हिमाचल को केंद्र सरकार से दो नए केंद्रीय विद्यालय भी स्वीकृत हुए हैं. ये विद्यालय शिमला जिले के कोटखाई और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में खोले जाएंगे. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की बेहतरी के लिए सरकार अलग से कैडर बनाने पर भी विचार कर रही है, जिससे पदोन्नति और कार्यक्षमता में सुधार होगा. इसके साथ ही राजीव डे बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्कूल स्थापित करने का कार्य जारी है. भर्ती प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए रोहित ठाकुर ने बताया कि अब तक शिक्षा विभाग में सात हजार भर्तियां पूरी की जा चुकी हैं, जबकि 3101 पद चयन आयोग को भेजे गए हैं. नवंबर में 900 टीजीटी (TGT) पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी और 600 जेबीटी (JBT) पदों की भर्ती भी जल्द शुरू की जाएगी।





