Home » Uncategorized » लिव-इन में रह रहे प्रेमी ने प्रेमिका की पांच साल की बच्ची की ली जान, शव कमरे में छोड़ फरार

लिव-इन में रह रहे प्रेमी ने प्रेमिका की पांच साल की बच्ची की ली जान, शव कमरे में छोड़ फरार

पंजाब: हरियाणा के रेवाड़ी के चांदपुर की ढाणी में लिव-इन में रह रहे युवक ने साथ रहने वाली महिला की करीब पांच साल की बेटी को फर्श पर पटक-पटककर मार दिया। हत्या के बाद आरोपी किराए के कमरे को ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मकान मालिक की सूचना पर शव को कब्जे में ले लिया। सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बिहार के मोतीहारी जिले के गांव रघुनाथपुरा निवासी रोशन अपने पड़ोसी गांव दिलावलपुर की रहने वाली महिला कविता व उसकी करीब पांच साल की बेटी कुसुम को लेकर घर से फरार हो गया था। लगभग सात-आठ माह तक दोनों घर से फरार होने के बाद इधर-उधर घूमते रहे। करीब एक माह पहले वह चांदपुर की ढाणी में जनादेश के मकान में किराए का कमरा लेकर रहने लगे थे। गत 13 सितंबर को कविता ने रोशन से सोने का हार दिलाने की जिद की, तो रोशन उसे बाजार ले गया। बच्ची उस समय कमरे पर ही थी। पुलिस के अनुसार बाजार जाने के बाद रोशन ने कविता को बताया कि पैसे नहीं होने के कारण वह उसे हार नहीं दिला सकता। इसके बाद दोनों के बीच बाजार में ही विवाद हो गया। कविता रोशन से नाराज होकर रेलवे स्टेशन की ओर चली गई। रोशन ने उसे मनाने के काफी प्रयास किए, परंतु वह अपनी जिद पर अड़ी रही। रोशन बाद में अपने कमरे पर आ गया। इसके बाद बच्ची ने उसके साथ मां नहीं आने पर रोना शुरू कर दिया तो रोशन ने उसे डांटकर चुप कराने का प्रयास किया। बच्ची मां के वापस नहीं आने के कारण रोने से चुप नहीं हुई। इसके बाद रोशन ने उसकी डंडे से पिटाई करने के बाद उसे फर्श पर पटक-पटककर मारना शुरू कर दिया। जब बच्ची ने दम तोड़ दिया तो रोशन कमरा बंद करके वहां से फरार हो गया। इसी बीच कविता ने फोन पर पड़ोस के कमरे रहने वाली महिला को बताया कि रोशन ने उसकी बेटी को मार डाला है। शव कमरे के अंदर पड़ा हुआ है। इसके बाद मकान मालिक ने मौके पर जाकर देखा तो कमरे से दुर्गंध आ रही थी। उसने पुलिस को इसी सूचना दी।

गल-सड़ चुका था मासूम बच्ची का शव
सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मौके पर जाकर कमरे से बच्ची का शव कब्जे में ले लिया। शव गल-सड़ चुका था। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलवाया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। वहां से डंडा भी पुलिस ने बरामद किया है। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया। हत्या का केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी रोशन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]