
शिमला : राज्य में बिजली सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में हिमाचल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। एचपीएसईबीएल में 2600 से अधिक युवाओं की भर्ती होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड में 1602 बिजली उपभोक्ता मित्र और 1000 टी-मेट की भर्ती को मंजूरी दी गई है। यह भर्ती संख्या हालिया दशकों में किसी भी राज्य स्वामित्व वाली कंपनी में सबसे बड़ी मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार सरकार ने यह फैसला फील्ड स्टाफ की भारी कमी को देखते हुए लिया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। वर्तमान में टी-मेट के 4009 स्वीकृत पदों में से 3049 पद रिक्त हैं, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। इन रिक्तियों की भरपाई के लिए सरकार ने दोहरी रणनीति अपनाई है। एक ओर टी-मेट के 1000 पदों को सीधा भरा जाएगा, वहीं दूसरी ओर वृत्त स्तर पर 1602 उपभोक्ता मित्रों की नियुक्ति की जाएगी। उपभोक्ता मित्रों की बहाली सरकारी अधिकृत एजेंसी के माध्यम से की जाएगी और इसके लिए उम्मीदवारों के पास आईटीआई (इलेक्ट्रिकल या वायरमैन ट्रेड) में सर्टीफि केट होना अनिवार्य होगा। शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास और आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। गौरतलब है कि फील्ड कर्मचारी एचपीएसईबीएल की रीढ़ हैं। आपदा के समय बिजली बहाल करने और जर्जर ढांचे की मरम्मत में इनकी भूमिका अहम होती है। भर्ती से न केवल सेवाओं की गुणवत्ता सुधरेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोज़गार का बड़ा अवसर भी मिलेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 23,191 युवाओं को सरकारी क्षेत्र में रोज़गार दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में स्वरोज़गार के नए अवसर भी खोले जाएंगे, ताकि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।





