Home » Uncategorized » मोबाइल डिवाइस सुरक्षा पर परियोजना के अंतर्गत एनआईटी हमीरपुर में एक सप्ताह का पाठ्यक्रम आरंभ

मोबाइल डिवाइस सुरक्षा पर परियोजना के अंतर्गत एनआईटी हमीरपुर में एक सप्ताह का पाठ्यक्रम आरंभ

हमीरपुर : एनआईटी हमीरपुर के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियंत्रण विभाग में आज “मोबाइल डिवाइस सुरक्षा” पर एक सप्ताह का लघु अवधि पाठ्यक्रम (एसटीसी) आरंभ हुआ। यह कार्यक्रम ISEA फेज-III परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), भारत सरकार) द्वारा प्रायोजित किया गया है। इस पाठ्यक्रम के संयोजक एवं परियोजना के मुख्य अन्वेषक डॉ. टी.पी. शर्मा और सह-संयोजक डॉ. नवीन चौहान इस पहल का नेतृत्व कर रहे हैं। डॉ. राजीव कुमार एवं डॉ. नितिन गुप्ता पाठ्यक्रम का समन्वयन कर रहे हैं। वहीं निदेशक प्रो. एच.एम. सूर्यवंशी की अनुपस्थिति में मुख्य अतिथि प्रो. राकेश सेहगल (डीन, अनुसंधान एवं परामर्श) ने उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की और मोबाइल उपकरणों की सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना ननोटी (रजिस्ट्रार) ने विभाग के प्रयासों की सराहना की। निदेशक प्रो. सूर्यवंशी ने अपने संदेश में संयोजकों एवं सीएसई विभाग को बधाई देते हुए कहा कि आईएसईए फेज-III परियोजना के अंतर्गत ऐसे कार्यक्रम साइबर सुरक्षा शिक्षा एवं जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और डिजिटल इंडिया के विजन से पूरी तरह मेल खाते हैं। लगभग 75 प्रतिभागी (आंतरिक पीजी/पीएचडी छात्र एवं देशभर से आए बाहरी प्रतिभागी) हाइब्रिड मोड में इस पाठ्यक्रम में भाग ले रहे हैं। डॉ. शर्मा ने परियोजना की गतिविधियों का परिचय देते हुए देश में साइबर सुरक्षा प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। पाठ्यक्रम में मोबाइल सुरक्षा खतरों, समाधान तकनीकों एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *