
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आशियाना-2 प्रोजेक्ट के तहत मिलने वाले मकान को पाने के लिए झूठा बीपीएल प्रमाण पत्र जारी करने का मामला सामने आया है। नगर निगम को जब इस बात की सूचना मिली तो निगम ने आरोपित के खिलाफ जांच बिठाई, जांच में पता चला कि महिला ने झूठे प्रमाण पत्र दिखाकर आशियाना-2 प्रोजेक्ट की लाभार्थी बनी। इतना ही नहीं जांच में यह भी पाया गया कि महिला सरकारी नाैकरी में तैनात है। इसके बाद निगम ने महिला को घर खाली करने का नोटिस दिया था, लेकिन आरोपित महिला ने निगम के आदेशों की अवमानना कर घर को खाली नहीं किया। ऐसे में अब नगर निगम की ओर से ढली थाना में इस बारे में मामला दर्ज करवाया गया है। जानकारी के अनुसार नगर निगम के अतिरिक्त एसई-कम-प्रोजेक्ट डायरेक्टर इंजीनियर धीरज कुमार चंदेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संतोष कुमारी निवासी सेट नंबर-4, ब्लॉक-20, आषियाना-द्वितीय, ढली को बीपीएल प्रमाण पत्र के आधार पर मकान आवंटित किया गया था।





