Home » Uncategorized » बिलासपुर में फटा बादल, कई गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त…

बिलासपुर में फटा बादल, कई गाड़ियां हुई क्षतिग्रस्त…

लाइव हिमाचल/बिलासपुर/नम्होल: बिलासपुर जिले के गुतराहन गांव में शनिवार 13 की सुबह अचानक बादल फटने से इलाके में हड़कंप मच गया. नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के नम्होल इलाके में हुए इस प्राकृतिक हादसे में कई वाहन मलबे में दब गए और आसपास की कृषि भूमि भी बुरी तरह प्रभावित हुई. हालांकि, स्थानीय प्रशासन के अनुसार किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि नुकसान काफी भारी हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह-सुबह अचानक जोरदार बारिश और बहता पानी मलबे के साथ गांव में घुस गया. गली-मोहल्लों में पानी भर गया और खेतों में खड़ी फसलें बह गईं. ग्रामीण कश्मीर सिंह ने बताया, “पानी और मलबे ने हमारे खेतों पर कहर बरपा दिया. धान और मक्का की फसल पूरी तरह प्रभावित हुई है. वाहन भी बहकर मलबे में फंस गए हैं। स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वाहन मलबे में पूरी तरह दब गए हैं, जिन्हें निकालने में समय लग सकता है. वहीं, खेतों में जमा मलबा और बहा हुआ पानी किसान के लिए चिंता का सबब बन गया है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नुकसान का आकलन कर मुआवजा प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

भरमौर-पठानकोट हाईवे पर जगह-जगह भूस्खलन
राज्य में शनिवार सुबह 10:00 बजे तक भूस्खलन से तीन नेशनल हाईवे सहित 577 सड़कें बंद रहीं। 389 बिजली ट्रांसफार्मर व 333 जल आपूर्ति स्कीमें भी प्रभावित हैं। कुल्लू जिले में 174, मंडी 166, शिमला 48, कांगड़ा 45, चंबा 44 व सिरमाैर में 28 सड़कें बंद हैं। उधर,भरमौर-पठानकोट हाईवे पर तुन्नूहट्टी, लाहड़, मैहला के समीप बीती रात भारी बारिश के साथ होने वाले भूस्खलन हुआ है। इससे हाईवे पर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रफ्तार थमने से वाहन चालकों और यात्रियों को वाहनों में बैठकर हाईवे बहाल होने का इंतजार करना पड़। एनएच मंडल के अधिशासी अभियंता मीत शर्मा ने बताया कि भारी बारिश के कारण हाईवे पर पेड़ गिरने, मलबा आने से वाहनों की रफ्तार थमी। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 19 सितंबर तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। 13 व 14 सितंबर के लिए कुछ स्थानों पर भारी बारिश, अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट के बीच शनिवार सुबह से कई भागों में झमाझम बारिश हो रही है। शिमला में धूप खिलने के साथ हल्के बादल छाए हुए हैं। बीती रात को पालमपुर में 86.0, मुरारी देवी 69.2, कांगड़ा 58.2, जोगिंद्रनगर 45.0, अघार 16.8, नयना देवी 16.6, धर्मशाला 14.8, मंडी 13.6, बरठीं 7.6 व काहू में 7.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Leave a Comment