नाहन : जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र की ठाकर गवाणा गांव में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां गिरि नदी को पार करते समय एक अध्यापक रूप लाल नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, रूप लाल ग्राम पंचायत चांदनी के एक निजी स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच जब वह स्कूल से घर लौट रहे थे तो गिरि नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही कमरऊ तहसीलदार, पुलिस जवान, स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया गया। लेकिन देर रात तक भी रूप लाल का कोई सुराग नहीं लग पाया था। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को क्षेत्र की बड़ी समस्या से जोड़ा है। उनका कहना है कि गिरि नदी पर पैदल पुल (फुटब्रिज) न होने के कारण लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से जल्द से जल्द यहां पुल निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।





