Home » Uncategorized » आपदा प्रभावितों के जख्मों पर मरहम के साथ हिम्मत भी दे गए पीएम मोदी : जयराम ठाकुर

आपदा प्रभावितों के जख्मों पर मरहम के साथ हिम्मत भी दे गए पीएम मोदी : जयराम ठाकुर

Oplus_131072

शिमला: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेने और 1500 करोड रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय प्रदेश के हालात का जायजा लेने वाले नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने हिमाचल का दौरा ही नहीं किया बल्कि दिल्ली पहुंचने के पहले ही 1500 करोड रुपए की आर्थिक सहायता भी दी. दुख बांटने के साथ-साथ उन्होंने हमें हौसला और हिम्मत भी दी. जयराम ठाकुर ने कहा, ”प्रधानमंत्री का यह सहयोग हमें बड़ी से बड़ी मुश्किलों का सामना करने की ताकत देता है. हिमाचल प्रदेश के प्रति प्रधानमंत्री के मन में सदैव विशेष भावना रहती है. त्रासदी देखकर वह बहुत आहत थे.”

त्रासदी ने हमसे हमारे अपने लोग छीन लिए- जयराम ठाकुर

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा, ”इस त्रासदी ने हमसे हमारे अपने लोग छीन लिए. एक ही रात में 42 लोगों की जिंदगी चली गई. 41 लोग अभी भी लापता है. हजारों लोग बेघर हो गए. हजारों बीघा खेती और बागवानी की जमीन नष्ट हो गई. आज सड़कें बंद हैं. इस वजह से लोगों के आपदा से बच गई सेब, फसलें और सब्जियां नष्ट हो रही हैं. लोगों के पास अब घर बनाने के लिए जमीन नहीं है। उन्होंने आगे कहा, ”लोगों को घर बनाने के लिए जमीन देने हेतु फॉरेस्ट कंजर्वेशन एक्ट में संशोधन करने के लिए हमने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है. जिस पर प्रधानमंत्री ने सहानुभूति पूर्वक विचार करने का भरोसा भी दिया है. अब जिम्मेदारी राज्य सरकार की भी है कि केंद्र से सभी प्रकार के को-ऑर्डिनेशन स्थापित करे, जिससे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. राज्य सरकार के द्वारा भी हमारी कुछ मांगों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से शामिल कर प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुत किया गया। जयराम ठाकुर ने ये भी कहा कि प्रकृति के साथ समन्वय करते हुए हमें विकास को अपनाना होगा. जिससे आपदा की स्थिति में भी कम से कम नुकसान हो. कानून के अनुपालन करवाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है जिसे उसे करना चाहिए. उन्होंने कहा, ”केंद्र सरकार द्वारा दिया गया 1500 करोड़ रूपया प्रभावित लोगों को मदद करने के लिए, लाभ पहुंचाने के लिए है. यह पैसा उन्हीं लोगों और क्षेत्र पर खर्च किया जाना चाहिए. हम उम्मीद करते हैं कि राज्य सरकार जिम्मेदारी सुनिश्चित करेगी। हिमाचल के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने ये भी कहा, ”केंद्र सरकार से भेजी गई सहायता को लेकर मुख्यमंत्री को ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं को कम से कम प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करना चाहिए. हिमाचल प्रदेश को तत्काल राहत चाहिए थी और वह राहत 1500 करोड़ रुपए के रूप में तत्काल मिली है. हर प्रभावित तक यह ईमानदारी से पहुंचनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *