शिमला: हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए सोमवार को खुद को देश का चौथा पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया। यह उपलब्धि केंद्र सरकार की ‘उल्लास’ योजना के अंतर्गत हासिल की गई है। इस योजना के तहत किसी भी राज्य को पुर्ण साक्षर तब माना जाता है जब उसकी 15 वर्ष से अधिक आयु की 95% से अधिक आबादी पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणना करने में सक्षम हो। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि हिमाचल की साक्षरता दर अब 99.30% तक पहुंच गई है, जो राष्ट्रीय मानक 95% से काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों का परिणाम है। सुक्खू ने यह भी बताया कि छात्र-शिक्षक अनुपात के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है।
इन तीन राज्यों को भी घोषित किया जा चुका है पूर्ण साक्षर राज्य
इससे पहले मिजोरम (98.2%), गोवा (99.5%) और त्रिपुरा (95.6%) को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया जा चुका है। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख जून 2024 में 97% साक्षरता दर के साथ पहला पूर्ण साक्षर केंद्र शासित प्रदेश बना था। शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त सचिव अर्चना शर्मा अवस्थी ने कहा कि इस वर्ष के अंत तक 10 और राज्यों के पूर्ण साक्षर बनने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश की यह उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे देश के लिए शिक्षा और विकास के क्षेत्र में एक नई मिसाल भी पेश करती है। बता दें कि ‘उल्लास’ योजना 2022 में 1,037.9 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई थी। इस योजना का उद्देश्य उन लोगों को साक्षर बनाना है जो औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए थे, ताकि वे समाज में बेहतर तरीके से योगदान दे सकें। यह योजना 2027 तक चलनी है और फिलहाल इसमें लगभग 2.97 करोड़ शिक्षार्थी और 45 लाख स्वयंसेवक जुड़े हुए हैं। योजना को हाइब्रिड मोड में लागू किया जा रहा है, जिसमें डिजिटल माध्यम (टीवी, रेडियो, मोबाइल ऐप) के साथ-साथ प्रत्यक्ष प्रशिक्षण और कार्यशालाओं का भी सहारा लिया जा रहा है।





