सोलन: जिला सोलन पुलिस ने तस्करों की नशे के कारोबार से अर्जित 86 लाख रुपये की अवैध संपत्तियों को जब्त किया है। जिला पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना परवाणू में दर्ज किए गए एक मामले में की जा रही फाइनेंसियल इन्वेस्टिगेशन के दौरान इस मामले में संलिप्त आरोपितों व सहयोगियों की लगभग 86 लाख रुपये की संपति जब्त की है। इसमें मकान, जमीन ,प्लॉट, लग्जरी गाड़ी व नकदी आदि शामिल है। इसकी पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि नौ जुलाई की रात्रि को जब पुलिस थाना परवाणू की टीम गश्त पर थी। उस दौरान गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित रॉकी कुमार निवासी समीप शनिदेव मंदिर भैरों की सेर टिपरा, तहसील कालका, जिला पंचकूला, हरियाणा को 25 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस चिट्टे को वह परवाणू क्षेत्र में युवाओं को चिट्टा बेचने की फिराक में था। इस पर पुलिस थाना परवाणू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। मामले की आगामी जांच भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों के अन्वेषण के दौरान पाया गया कि उससे जो चिट्टे की खेप बरामद की गई थी, वह उसने जीरकपुर, पंजाब से चिट्टे के बड़े तस्कर संदीप नाम के व्यक्ति से खरीदा था। रॉकी पिछले एक वर्ष से संदीप से चिट्टा खरीद रहा था, जिसे वह ग्राहकों को बेच देता था। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपित ने चिट्टा खरीदने के लिए उसके खातों में लाखों रुपये जमा किए थे। इस पर पुलिस थाना परवाणू की टीम द्वारा चार अगस्त को उस मामले में चिट्टे के मुख्य सप्लायर संदीप कुमार उर्फ़ अर्जुन उर्फ़ शांति निवासी एकता कालोनी भैरों की सेर कालका, तहसील कालका, जिला पंचकूला, हरियाणा मूल निवासी हिसार, हरियाणा को बैकवर्ड लिंकेज्स के आधार पर गिरफ्तार किया था। पिछले दो वर्षों में सोलन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 206 मामले दर्ज कर 431 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 143 बाहरी राज्यों के सप्लायर हैं, जिन्हें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम और महाराष्ट्र से पकड़ा गया। इनमें 9 नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल हैं। अब तक पुलिस 61 अंतरराज्यीय चिट्टा नेटवर्क ध्वस्त कर चुकी है, जिससे हजारों युवाओं को नशे की जद में जाने से बचाया गया है।





