उत्तरकाशी: उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे थराली कस्बे और उसके आसपास के इलाकों में बादल फटने की घटना ने हड़कंप मचा दिया. देखते ही देखते मूसलाधार बारिश के साथ मलबा कई घरों में घुस गया और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं. स्थानीय लोगों के मुताबिक थराली बाज़ार, राड़ीबगड़ और चेपडो गांवों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है. कई वाहन मलबे में दब गए जबकि कई मकानों में घुसा मलबा लोगों के लिए मुसीबत बन गया. फिलहाल 3 लोग लापता हैं. उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
5 अगस्त को भी हुई थी भारी तबाही
उत्तराखंड में इस मॉनसून सीजन के दौरान कई बड़े बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है. सबसे गंभीर घटना 5 अगस्त 2025 को उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल क्षेत्रों में हुई. उत्तरकाशी में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने धराली और हर्षिल इलाके को तहस-नहस कर दिया. कई घर, होटल और इंफ्रास्ट्रक्चर पानी में बह गए. इस हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हुई, जबकि दर्जनों लोग लापता हुए. सुखी और बगोरी समेत कई गांव प्रभावित हुए, जहां घरों और कृषि संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ. वही रुद्रप्रयाग में जुलाई के आखिर में केदारघाटी क्षेत्र में बादल फटने से आई बाढ़ ने यहां भी कहर बरपाया. कई घर और गाड़ियां मलबे में दब गई और नदियां उफान पर आ गई.
Chamoli Cloudburst News: घरों को भी भारी नुकसान
चेपड़ों गांव में बादल फटने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति के लापता होने की खबर है. वही सगवाड़ा गांव में एक 20 वर्षीय युवती के मलबे में दबे होने की जानकारी है. मीडिया रिपोर्ट की माने तो अबतक कुल 3 लोग लापता है. दुकानों और घरों में मलबा घुस गया है, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है. राड़ीबगड़ में उपजिलाधिकारी आवास, नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास और कई अन्य घरों को भी भारी क्षति पहुंची है.
स्कूल और आंगनबाड़ी बंद
जिला प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थराली तहसील के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार (23 अगस्त 2025) के लिए बंद रखने का आदेश दिया है. जिलाधिकारी डॉक्टर संदीप तिवारी ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं.
घटनास्थल पर SDRF की टीम
गौचर से स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम घटनास्थल पर है. बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम मिंग्गदेरा के पास सड़क खोलने की कोशिशों में जुटी है, ताकि यातायात और राहत कार्यों को जल्द सुचारू किया जा सके. प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं.
3 स्कूलों में बारिश के कारण अवकाश
आज तीनों विकासखंडों थराली, देवाल और नारायणबगड़ के सभी स्कूलों में भारी बारिश को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया गया है।
Tharali Cloudburst News: मलबे में दबी हो सकती है 20 साल की लड़की
सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति के मलबे में दबने की सूचना है. जबकि इसी गांव में 20 वर्षीय लड़की की मलबे में दबे होने की जानकारी मिल रही है. सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम गौचर से घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है.
Cloudburst News: एसडीएम आवास मलबे से दबा
थराली के तहसील परिसर राड़ीबगड़ में एक बरसाती गदेरा अचानक उफान पर आ गया. एसडीएम आवास मलबे से दब गया. एसडीएम समेत अन्य ने रात में ही आवास छोड़ दिया और सुरक्षित जगह पर चले गए. राड़ीबगड़ में गाड़ियों के मलबे में दबने की सूचना है. वहीं कहा जा रहा है कि तीन लोग लापता है. हालांकि अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
August 23, 202508:28 IST
सीएम ने जताया दुख
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बादल फटने की घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है. जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं. ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं
August 23, 202507:52 IST
धराली में आई बाढ़ के बाद अब थराली में बादल फटने की इस घटना ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. आर्थिक नुकसान का आकलन अभी बाकी है, लेकिन प्राथमिक जानकारी के मुताबिक मकानों, दुकानों और गाड़ियों को भारी क्षति पहुंची है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.



