Home » Uncategorized » हिमाचल में भारी बारिश का कहर: किन्नौर में पहाड़ी से पत्थर गिरने से 2 पर्यटकों की मौत

हिमाचल में भारी बारिश का कहर: किन्नौर में पहाड़ी से पत्थर गिरने से 2 पर्यटकों की मौत

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल में भारी बारिश की वजह से जगह-जगह हो रहे भूस्खलन जान लेवा साबित हो रहे हैं। भारी बारिश की वजह से सड़क यातायात तो बाधित हो ही रहा है, बिजली व पानी की आपूर्ति भी लगातार बाधित हो रही है। प्रदेश के अन्य भागों को छोड़ भी दें तो राजधानी शिमला में लोगों को तीसरे व चौथे दिन पेयजल की आपूर्ति हो रही है। जाहिर है कि बारिश की वजह से लोगों की दुश्वारियां बढ़ी हैं। किन्नौर के यूला कंडा में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों श्रद्धालु जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण मंदिर यूला कंडा के दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतक दंपती दिल्ली का रहने वाला था। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। युला पंचायत की प्रधान अंजू ने हादसे की सूचना पुलिस थाना टापरी को दी। भारी बारिश की वजह से शिमला में विकास नगर के समीप नगर एवं ग्राम नियोजन कार्यालय के समीप भूस्खलन होने से यातायात ठप्प रहा। यहां गाड़ियां भी मलवे की चपेट में आई। सोलन पुलिस लाइन के पास भी भूस्खलन से सड़क को खथरा बना हुआ है। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे यातायात के लिए फिर से बंद हो गया है। मंडी से पनारसा तक अनेकों स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं होने से हाईवे बंद हो गया है। नौ मील, जागर नाला, पंडोह डैम के पास कैंची मोड़, दयोड़, जोगणी माता मंदिर, दवाड़ा फ्लाईओवरए झलोगी और शनि मंदिर क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है। कुछ स्थानों पर नालों का पानी व मलबा हाईवे पर बह रहा है। हाईवे बंद होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन और लोग फंसे रहे। भारी बारिश की वजह से हो रहे भूस्खलन, बाढ़ से राज्य में शनिवार शाम तक दो नेशनल हाईवे सहित 313 सड़कें बंद रहीं। राज्य में 348 बिजली ट्रांसफार्मर व 119 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। इससे कई इलाकों में विद्युत व पेयजल आपूर्ति ठप है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कई भागों में 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का पूवार्नुमान जताया है। 16 से 19 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12