Home » ताजा खबरें » Iran Israel War: ईरान-इजरायल के बीच 12 दिन का युद्ध खत्म, ट्रंप के ऐलान के बाद ईरानी विदेश मंत्री ने की सीजफायर की पुष्टि

Iran Israel War: ईरान-इजरायल के बीच 12 दिन का युद्ध खत्म, ट्रंप के ऐलान के बाद ईरानी विदेश मंत्री ने की सीजफायर की पुष्टि

Iran-Israel Ceasefire News: ईरान और इजरायल के बीच 12 दिनों से जारी युद्ध अब थम गया है. ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर पर सहमति बन गई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर की घोषणा की है. ट्रंप के मुताबिक, ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर मध्य पूर्व में शांति की दिशा में ऐतिहासिक कदम है. सूत्रों का कहना है कि ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर लागू हो चुका है. बताया गया कि ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर कराने में अमेरिका और कतर की अहम भूमिका रही है. अब सवाल है कि आखिर ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर समझौता कैसे हुआ? डोनाल्ड ट्रंप ने तीन प्वाइंट वाले फॉर्मूले ने इस इजरायल-ईरान युद्धविराम को संभव बनाया. इसके तहत ही दोनों देशों ने सैन्य कार्रवाइयां रोकने पर सहमति जताई. हालांकि, ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने कहा कि अभी कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है, लेकिन अगर इजरायल सुबह 4 बजे (तेहरान समय) तक हमले रोक देता है, तो ईरान जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा. इसके बाद ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान ने सुबह 4 बजे तक ऑपरेशन को अंजाम दिया. चलिए जानते हैं कि ईरान और इजरायल के बीच कैसे 24 घंटे में पूरी तरह से सीजफायर हो जाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप का 3 प्वाइंट फॉर्मूला

पहला प्वाइंट: सीजफायर पर डोनाल्ड ट्रंप का पहला प्वाइंट है कि पहले ईरान युद्धविराम करेगा. ट्रंप के मुताबिक, दोनों देश पहले अपनी अंतिम सैन्य कार्रवाइयां पूरी करेंगे. इसके बाद ईरान पहले 12 घंटे सीजफायर करेगा।

दूसरा प्वाइंट: जब ईरान के 12 घंटे सीजफायर के हो जाएंगे तब बारी इजरायल की होगी. यानी ईरान के 12 घंटे बाद इजरायल अगले 12 घंटों के लिए सीजफायर करेगा.

तीसरा प्वाइंट: ईरान के 12 घंटे और इजरायल के 12 घंटे के सीजफायर के बाद यानी पूरे 24 घंटे बाद जंग खत्म हो जाएगी. डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, 24 घंटे बाद युद्ध को आधिकारिक रूप से समाप्त घोषित किया जाएगा।

कतर की भी अहम भूमिका

सूत्रों की मानें तो ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर में कतर की भी भूमिका अहम है. कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ बातचीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कतर ने ईरान को सीजफायर के लिए राजी किया, जबकि ट्रंप ने इजरायल को आश्वस्त किया कि अगर ईरान हमले नहीं करता, तो वह भी शांति बनाए रखेगा. यह मध्यस्थता दोनों पक्षों के बीच विश्वास बहाली में सहायक रही। हालांकि, ईरान का कहना है कि अंतिम फैसला बाद में होगा, और इजरायल ने भी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की. फिर भी डोनाल्ड ट्रंप के इस फॉर्मूले ने मध्य पूर्व में शांति की उम्मीद जगाई है. दुनिया अब इस युद्धविराम के स्थायित्व पर नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *