लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सोलन में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेले की शुरुआत की. माता शूलिनी को समर्पित यह मेला आस्था और भक्ति का जीवंत उदाहरण है. इसी के साथ आज तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शूलिनी मेला का भव्य आगाज़ हुआ। 22 जून तक सोलन की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी गंज बाजार स्थिति दुर्गा माता मंदिर में रहेंगी। शुक्रवार को दोपहर करीब 1:30 बजे मां पालकी में सवार होकर बड़ी बहन से मिलने के लिए निकली। वहीं मां की पालकी का पहला पड़ाव पुरानी कचहरी में हुआ जहां पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मां का स्वागत कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकली।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि मां शूलिनी मेला प्रदेश की लोक परंपराओं और आस्था का प्रतीक है। यह उत्सव न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है बल्कि समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक समृद्धि का परिचायक भी है। उन्होंने सोलन में तीन दिवसीय मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति और जिला प्रशासन को बधाई दी, साथ ही मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मेला समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का भी विमोचन किया।
पारंपरिक झांकियों ने बटोरा विशेष आकर्षण
इस बार की शोभायात्रा में पारंपरिक झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। भगवान गणेश, माखनचोर कृष्ण, शिव-पार्वती, मां काली, बजरंगबली हनुमान, श्रीराम, राधा-कृष्ण और अन्य धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। शोभायात्रा में पारंपरिक पहाड़ी वाद्य यंत्रों, बैग पाइपर और बैंड बाजों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। शोभायात्रा कुछ समय के लिए गंज बाजार में रुकी, जहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। इसके बाद शोभायात्रा पुराने बस अड्डे तक पहुंची और वहां से पूर्व उपायुक्त कार्यालय होकर पुनः गंज बाजार स्थित मां की बड़ी बहन के मंदिर पहुंची। तीन दिनों तक पालकी वहीं ठहरेगी और पूर्ण श्रद्धा एवं भक्तिभाव के बीच रविवार को वापस अपने मूल मंदिर लौटेगी। बता दें कि यह मेला मां शूलिनी और उनकी बड़ी बहन मां दुर्गा के मिलन का प्रतीक माना जाता है, जो सदियों पुरानी आस्था और परंपरा को जीवंत बनाए रखता है।


इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल (डॉ.) धनी राम शांडिल, विधायक राम कुमार चौधरी, बावा हरदीप सिंह व सुरेश कुमार, बघाट सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन की मेयर ऊषा शर्मा, कांग्रेस नेता सुरेन्द्र सेठी व शिव कुमार, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
20 से 22 जून तक यातायात के लिए बंद रहेगा मालरोड, सोलन शहर के मुख्य प्रवेश पर बैरिकेडिंग, ये है रूट
मां शूलिनी मेले के लिए शहर के प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है। वहीं, रूट प्लान भी जारी किया है। 20 जून की सुबह 8:00 बजे से 22 जून की रात 12:00 बजे तक माल रोड़ सोलन पर आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रहेगी। इसी अवधि में पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक से क्षेत्रीय अस्पताल चौक तक का मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध वीआईपी वाहनों, विशेष रूप से आमंत्रित कलाकारों और आपातकालीन वाहनों पर लागू नहीं होगा। इसके अलावा सपरून चौक पर पुल के समीप 20 जून से 22 जून तक सुबह 10:00 बजे से रात 12.00 बजे तक मार्ग को अवरूद्ध किया जाएगा। इस स्थान पर सुरक्षा के दृष्टिगत वाहनों की जांच की जाएगी। आपातकालीन वाहनों, विशेष छूट प्राप्त वाहनों के अतिरिक्त किसी भी वाहन को सपरुन चौक से पुराने उपायुक्त कार्यालय की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। कांगड़ा मैत्री सभा के समीप होटल द क्लिफ के पास भी मार्ग को अवरूद्ध किया जाएगा। चंबाघाट की ओर से आने वाली बसों और निजी वाहनों से मेले में आने वाले यात्रियों को होटल द क्लिफ के पास उतारा जाएगा और वाहनों को पार्किंग के लिए बाईपास भेजा जाएगा। शिमला से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से शिमला आने वाले वाहनों को बाईपास से होकर भेजा जाएगा। सिरमौर जिला के राजगढ़ की ओर से सोलन शहर आने वाले यात्री बसों और वाहनों से कोटलानाला चौक पर उतरेंगे। यह वाहन शामती की ओर बाईपास सुविधा के अनुसार खड़े किए जा सकेंगे। राजगढ़ मार्ग पर देवभूमि अपार्टमेंट के समीप भी मार्ग को अवरूद्ध किया जाएगा। यहां से राजगढ़ की ओर से चंडीगढ़ और शिमला जाने वाले हल्के और भारी वाहनों को शामती न्यू बाईपास मार्ग से भेजा जा रहा है।





