Home » ताजा खबरें » हिमाचल में चार दिन आंधी-बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट…

हिमाचल में चार दिन आंधी-बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट…

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम का दौर जारी है. राज्य के अधिकांश इलाकों में मेघ गरज के साथ बारिश हुई. मौसम विभाग ने राज्य के ज्यादातर जिलों के लिए आज से 10 मई तक तेज हवाएं, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. विभाग ने इस दौरान लोगों से सतर्क रहने और खुले में न जाने की सलाह दी है. इसके साथ ही किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है. वहीं बुधवार को भी राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक यानी 8 से 11 मई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस अवधि में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी शिमला में बुधवार दोपहर बारिश के दौरान लक्कड़ बाजार क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारिश के बीच अचानक एक पेड़ गिर गया जो पास की लो-टेंशन लाइन पर आ गिरा। इससे रिवोली रोड के पास बिजली का खंभा झुक गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि एक दुकान पेड़ की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान में मौजूद दो लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई। पेड़ गिरने की इस घटना से रिवोली फीडर और मेडिकल हॉस्टल फीडर की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। स्थानीय लोगों को बिजली गुल होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

चार दिन का येलो अलर्ट, तेज तूफान की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार 8 से 11 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 8 और 9 मई को प्रदेश के अधिकांश मध्यवर्ती और निचले पहाड़ी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिनों में तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। बुलेटिन के अनुसार 8 मई को हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने का अनुमान है। इस दिन प्रदेश के सभी 12 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। 9 मई को चम्बा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, लाहौल-स्पीति और मंडी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 10 और 11 मई को भी कई जिलों में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन दिनों हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]