Home » ताजा खबरें » प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, फसलों और बागवानी को हुआ भारी नुकसान…

प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, फसलों और बागवानी को हुआ भारी नुकसान…

शिमला : हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर उपमंडल की दाड़ला पंचायत के भलेठ गांव में तूफान से पेड़ महिला पर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। 48 वर्षीय संतोष कुमारी जंगल से लकड़ियां लेने गई थी कि घर से कुछ दूरी पर पेड़ की चपेट में आ गई। करीब 35 फीट ऊंचा ओही का पेड़ अंदर से खोखला हो चुका था, जो तूफान से गिर गया। कुछ दिन पहले भी तूफान के कारण बच्चे सहित महिला की मौत हुई थी। रविवार को कई स्थानों पर हुई वर्षा व ओलावृष्टि से फसलों सहित बागबानी को नुकसान हुआ है। जिला बिलासपुर व हमीरपुर में वर्षा के साथ हुई ओलावृष्टि से गेहूं की फसल व फलदार पौधों को नुकसान हुआ। कांगड़ा जिले में वर्षा से गेहूं की फसल प्रभावित हुई। शिमला में रविवार को लगभग एक घंटे तक तेज वर्षा हुई। ऊपरी शिमला में वर्षा के साथ कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि के कारण सेब व अन्य नकदी फसलों को नुकसान हुआ। रोहड़ू, खड़ापत्थर व ठियोग के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से मटर, फ्रासबीन और गोभी की फसल को नुकसान हुआ। रविवार को चंबा में वर्षा व ओलावृष्टि हुई। चंबा के चुराह व सलूणी में भारी ओलावृष्टि के कारण फसलों व सेब समेत अन्य फलों को नुकसान हुआ है। डलहौजी में वर्षा व ओलावृष्टि हुई। डैनकुंड व लक्कड़मंडी समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगभग आधा इंच मोटे ओले गिरे। रोहतांग, कुंजम व बारालाचा दर्रे सहित लाहुल के ग्रामीण क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। हिमपात के कारण मनाली-जंस्कार मार्ग पर यातायात बंद हो गया है। शिंकुला में आधा फीट हिमपात होने से आवाजाही प्रभावित हुई है। भारी वर्षा से रविवार सुबह लाहुल घाटी के तिंदी व जंगल कैंप के समीप नाले में बाढ़ आ गई। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में अधिक वर्षा हुई। कल्पा में 22, रिकांगपिओ में 8.5, भरमौर में 4.5, बिलासपुर में 14, धौलाकुआं में सात, कुफरी में सात, चंबा में दो, ऊना, शिमला शहर व बजौरा में एक-एक मिलीमीटर वर्षा हुई है। रविवार दोपहर बाद चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व शिमला के कुछ जगह 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की गति के साथ तूफान चला। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 2.3 व अधिकतम में 3.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। विभाग ने सोमवार से 26 अप्रैल तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12
[democracy id="1"]
[adsforwp id="47"]