Home » ताजा खबरें » प्रयागराज में टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में धुएं का गुबार

प्रयागराज में टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, ऊंची-ऊंची लपटें और आसमान में धुएं का गुबार

उतर प्रदेश : प्रयागराज के परेड ग्राउंड में एक टेंट कंपनी के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई जिसमें दमकल के दो अधिकारी और पांच कर्मचारी झुलसने के कारण मामूली रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे की है। घटनास्थल पर मौजूद गोदाम में काम करने वाले राहुल नाम के व्यक्ति ने बताया कि यह गोदाम ‘लल्लू जी एंड ब्रदर्स’ का है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) डॉ. राजीव कुमार पांडेय ने कहा, ‘‘आग बुझाने के काम में दमकल की 18 गाड़ियों की मदद ली गई, जिनमें सेना की चार गाड़ियां भी शामिल हैं।’’ उन्होंने कहा कि आग बुझाने के दौरान वह खुद, एक अन्य अधिकारी और पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए।

चार एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट

हालांकि, विभाग की त्वरित कार्रवाई से आस पास के कई गोदामों में रखे अरबों रुपये के माल को बचा लिया गया है। पांडेय ने बताया कि गोदाम में रखे चार एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया और परिसर में खड़ी दो स्कूटी जलकर खाक हो गईं। दमकल अधिकारी ने बताया कि आग की विकरालता को देखते हुए हंडिया, मेजा और सोरांव से दमकल की 10 गाड़ियां बुलाई गईं और लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि गोदाम के 20 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, पुलिस उपायुक्त (नगर) अभिषेक भारती और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य के लिए समन्वय स्थापित किया। महाकुंभ मेले के लिए परेड ग्राउंड के काली मार्ग पर लगभग सभी टेंट कंपनी ने अपने गोदाम बनाए हैं और मेला समाप्त होने के बाद से ही टेंट आदि निकालकर इन्हीं गोदामों में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *