Home » ताजा खबरें » छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, 22 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण…

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, 22 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण…

Naxalites Surrendered : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को सुकमा के घने जंगलों में चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान 22 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में 9 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। इस ऑपरेशन में सुकमा डीआईजी ऑफिस, जगदलपुर डीआईजी ऑफिस के साथ-साथ सीआरपीएफ की कई बटालियनों ने हिस्सा लिया। सुरक्षा बलों के इस संयुक्त प्रयास को नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ शासन की छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण पुनर्वास नीति एवं नियद नेल्ला नार योजना से प्रभावित होकर और अंदरूनी क्षेत्रों में लगातार नवीन सुरक्षा कैंप स्थापित कर पुलिस के बढ़ते प्रभाव से आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित 1 पुरुष और 1 महिला नक्सली पर 8-8 लाख, 1 पुरुष और 1 महिला नक्सली पर 5-5 लाख, 2 पुरुष और 5 महिलाओं पर 2-2 लाख, 1 पुरुष नक्सली पर 50 हजार, कुल 40 लाख 50 हजार रुपये के ईनाम घोषित हैं। नक्सलियों को आत्मसमर्पण करने के लिए प्रोत्साहित कराने में जिला बल, डीआरजी सुकमा, रेंज फिल्ड टीम (आरएफटी) कोंटा, सुकमा, सीआरपीएफ 2, 74, 131, 217, 219, 223, 226, 227, 241 एवं कोबरा 203 वाहिनी के आसूचना शाखा के कार्मिकों की विशेष भूमिका रही है।

टेकमेटला गांव के जंगल से 7 गिरफ्तार

आगे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत बीते मंगलवार के दिन उसूर थाना से जिला पुलिस बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन को गश्त के लिए रवाना किया गया था। इसी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 7 नक्सलियों को टेकमेटला गांव के जंगल से गिरफ्तार किया। इन सभी गिरफ्तार नक्सलियों के पास टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, बिजली का तार और अन्य सामान बरामद किया है।

बेलचर गांव के जंगल से 6 गिरफ्तार

उन्होंने बताया कि इसी तरीके से जिले के जांगला थाना से जिला पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के ज्वाइंट टीम बेलचर, भुर्रीपानी और कोटमेटा गांव की ओर गश्त के लिए गई थी और इसी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बेलचर गांव के जंगल से 6 और नक्सलियों को धर दबोचा। इन सभी नक्सलियों के कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, डेटोनेटर, बिजली का तार, बैटरी, खुदाई का औजार और अन्य सामान बरामद किया गया है।

कांदाकरका के जंगल से 9 नक्सली धरे गए

उन्होंने बताया कि ऐसे ही नेलसनार थाना से भी एक टीम को कांदाकरका गांव की ओर रवाना किया गया। जहां सुरक्षाबलों ने कांदाकरका के जंगल से 9 नक्सलियों को अपने गिरफ्त में कर लिया और इन नक्सलियों के कब्जे से टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, डेटोनेटर, बिजली का तार, बैटरी, खुदाई का औजार, नक्सल साहित्य और अन्य सामान बरामद किया गया है। अधिकारी ने आगे कहा कि अभी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ मोर्चा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]