



रातों-रात मजार बनाने का दावा
हिंदू रक्षा मंच का दावा है कि यहां मजार नहीं थी व कुछ साल पहले बीबीएमबी की भूमि पर यह अवैध ढांचा बनाया गया है। मजार के आसपास पुराने मंदिर भी हैं, जो गोबिंदसागर झील में डूब गए हैं। इन दिनों जलस्तर कम होने पर मंदिर सामने आ गए हैं। मंडी जिला के सुंदरनगर के युवक ने गत दिवस सांडू मैदान में रातों-रात मजार बनाने का दावा करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो देखकर सोमवार को देवभूमि क्षत्रिय संगठन सवर्ण मोर्चा टीम एवं राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के संस्थापक सदस्य रुमित सिंह ठाकुर की अगुवाई में पहुंचे। पुलिस ने इन्हें शांत करवाकर मौके से भेज दिया। स्थानीय लोगों की ओर से दावा किया गया है कि यह मजार वर्षों पुरानी है, जो हर वर्ष गोबिंदसागर झील में पानी भरने के कारण अन्य प्राचीन मंदिरों की तरह जलमग्न हो जाती है। इस दावे के बाद उक्त हिंदू संगठन के लोग पीछे हट गए। लेकिन हिंदू रक्षा मंच इस मामले में पूरी जांच व कार्रवाई पर अड़ गया है।
2022 में भी विवादों में घिरी थी मजार
सांडू मैदान स्थित इस मजार को लेकर पहली बार विवाद नहीं हुआ है। इससे पहले वर्ष 2022 के दौरान भी इस मजार पर निर्माण कार्य को लेकर विवाद हुआ था और कुछ लोगों ने मजार में तोड़फोड़ करते हुए ढांचा गिराया था। इसको लेकर सदर थाना बिलासपुर में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी।