



शिमला: हिमाचल प्रदेश में 163 अधिकारी दो साल से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 आईएएस, 85 एचएएस और 17-17 आईपीएस व आईएफएस एक ही स्थान पर दो वर्षों से ज्यादा समय से कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को गत तीन वर्षों में मेडिकल बिलों का 11.62 लाख रुपये की राशि का भुगतान किया गया। विधायक सुधीर शर्मा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2022-23 में 3.94 लाख, 2023-24 में 4.3 लाख और 2024-25 में 3.54 लाख रुपये के बिलों का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि जिला कांगड़ा के धर्मशाला में उच्च न्यायालय का बैंच स्थापित करने का विचार नहीं है। विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल का लिखित जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश प्रशासनिक अधिकरण स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है। औपचारिकताएं पूरी होने और भारत सरकार द्वारा इसकी स्थापना करने के बाद ही इसे आरंभ किया जाएगा। शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चंबा शहर में कूड़े के निस्तारण के लिए नए स्थान का चयन किया जाएगा। यहां आधुनिक मशीनों का प्रयोग भी किया जाएगा। यहां पहले से जो स्थान है वहां पर दो बार आग लग गई थी। प्रदूषण भी फैल रहा है। क्षेत्र में कोई डंपिंग स्थल नहीं है। विधायक नीरज नैय्यर के सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि नगर परिषद चंबा कूड़ा निष्पादन संयंत्र स्थापित करने के उद्देश्य से नई डंपिंग साइट चिन्हित करने लिए लगातार प्रयासरत है। अभी तक नगर परिषद को कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि नया स्थान तलाश करने में विधायक भी सहयोग करें।