Home » ताजा खबरें » पुलघराट गोलीकांड: ढाबा मालिक पर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा, कारतूस भी बरामद

पुलघराट गोलीकांड: ढाबा मालिक पर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा, कारतूस भी बरामद

मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पुलघराट में ढाबा मालिक प्रदीप गुलेरिया पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित सगे भाई हैं और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। इनकी पहचान आजम (20) और अजमल (24) के रूप में हुई है। पुलिस को इनके किराये के कमरे से देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। दोनों शुक्रवार रात करीब 12 बजे ढाबे पर बिना नम्बर प्लेट की बाइक से गए थे। ढाबा मालिक को तीन खाने पैक करने को कहा था। इसी दौरान गल्ले से 6000 रुपये,एलईडी व सीसीटीवी की डीवीआर लूट ली थी। बाद में ढाबा मालिक पर गोली चला दी थी। दोनों पंजाबी में बात कर रहे थे। इससे ऐसी आशंका जताई जा रही थी कि गोली पंजाब के युवकों ने चलाई थी। आरोपितों की गिरफ्तारी से इन अटकलों पर विराम लग गया है। मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन किया गया था।वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपितों का पता लगाया। पुलिस ने दोनों को नेरचौक के ढांगू इलाके से गिरफ्तार किया, जहां वे किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपितों का एक तीसरा छोटा भाई भी उनके साथ रह रहा था। तीनों भाई एल्यूमिनियम के दरवाजे और खिड़कियां लगाने का काम करते थे। जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदात के दौरान किया गया था, वह भी आरोपितों के कमरे के बाहर खड़ी मिली। इसके अलावा, कमरे से एक कट्टा और कई कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन हथियारों को आरोपितों ने कहां से और कैसे हासिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *