Home » ताजा खबरें » हिमाचल में पहली बार राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, खेलों को बढ़ावा देने में जुटी सरकार

हिमाचल में पहली बार राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता, खेलों को बढ़ावा देने में जुटी सरकार

कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है. खेल सेवाएं एवं आयुष मंत्री यादवेंद्र गमनी ने कहा कि राज्य सरकार नए इंडोर स्टेडियमों का निर्माण कर रही है और खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रही है. उन्होंने यह बात रविवार को अरनी यूनिवर्सिटी में आयोजित एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर कही. 16 से 25 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभाशाली तीरंदाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर और यूथ ग्रुप के मुकाबले होंगे, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में 64-64 तीरंदाज (32 पुरुष और 32 महिला) भाग लेंगे. खेल मंत्री ने कहा कि पहली बार हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. इसके लिए उन्होंने भारतीय तीरंदाजी संघ, हिमाचल तीरंदाजी संघ और अरनी यूनिवर्सिटी को बधाई दी. इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने भी भारतीय तीरंदाजी संघ, हिमाचल तीरंदाजी संघ और अरनी यूनिवर्सिटी को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है, जिससे खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *